2019 के लोकसभा चुनावों में महिला वोटरों की होगी अहम भूमिका : हिंदुजा
हिंदुजा फाउंडेशन यूएस की अध्यक्ष शानु ने एक लेख में कहा ज्यादा महिला वोटरों के होने से बेहतर लैंगिक समावेशी कानून और नीतियां बनेंगी।
न्यूयॉर्क, प्रेट्र। स्विट्जरलैंड के हिंदुजा बैंक की अध्यक्ष हिंदुजा एसपी शानु ने कहा कि भारत अहम चुनावों के लिए तैयार है। इस बार के चुनाव में महिला वोटरों की अहम भूमिका होने जा रही है और वे इसके जरिये साल 2019 को 'महिलाओं का वर्ष' बना सकती हैं।
शानु का कहना था कि भारत में चुनाव होने जा रहे हैं। इसलिए इस बात पर गौर करना अहम हो जाता है कि पहले की तुलना में कहीं ज्यादा महिलाएं अपने मताधिकार का प्रयोग कर रही हैं। देश के कई राज्यों में हुए चुनावों में बड़ी संख्या में महिलाओं ने मतदान किया। 'हिंदुजा फाउंडेशन यूएस' की अध्यक्ष शानु ने एक लेख में कहा, 'ज्यादा महिला वोटरों के होने से बेहतर लैंगिक समावेशी कानून और नीतियां बनेंगी। लैंगिक जागरुकता से ना सिर्फ उम्मीदवारों के चुनाव प्रचार के तरीकों में बदलाव आएगा, बल्कि इससे महिला उम्मीदवारों के लिए रास्ते भी खुलेंगे और नीति निर्धारक संस्थाओं में भी उनके लिए अवसर बढ़ेंगे।'
उन्होंने यह भी कहा कि लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकारों के इस्तेमाल के मामले में महिला वोटरों में जागरुकता बढ़ी है। इससे यह जाहिर होता है कि समूचे भारत में अपनी आवाज उठाने और अपने अधिकारों के इस्तेमाल को लेकर महिलाएं ज्यादा सशक्त हुई हैं।
चेन्नई में भी है बैंक की शाखा
साल 1978 में हिंदुजा बैंक लिमिटेड की स्थापना एक वित्तीय कंपनी के तौर पर हुई थी। इसका मुख्यालय जेनेवा में है और इसकी शाखाएं स्विट्जरलैंड के अलावा लंदन, दुबई, न्यूयॉर्क और चेन्नई जैसे शहरों में भी हैं।