फेसबुक अब बता देगा आप गरीब हैं या अमीर, मार्क जुकरबर्ग ला रहे नई तकनीक
फेसबुक का कहना है कि इससे विज्ञापन देने वालों को अपने उपभोक्ताओं तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
लंदन, आइएएनएस। सोशल मीडिया दिग्गज फेसबुक एक ऐसी तकनीक लाने जा रहा है, जिससे यूजर की सामाजिक और आर्थिक स्थिति का पता चल सकेगा। इस तकनीक का प्रयोग कर फेसबुक अपने यूजर्स को कामकाजी, मध्यम और उच्च वर्ग की श्रेणियों में बांटेगा। फेसबुक ने इस तकनीक के पेटेंट के लिए आवेदन कर दिया है।
फेसबुक का कहना है कि इससे विज्ञापन देने वालों को अपने उपभोक्ताओं तक पहुंचने में मदद मिलेगी। दरअसल फेसबुक कुछ सवालों से यूजर की आर्थिक स्थिति का अनुमान लगाएगा। सबसे पहले यूजर की उम्र जानी जाएगी। फिर शिक्षा, इंटरनेट पर बिताए जाने वाले समय आदि से संबंधित सवाल होंगे। इसके साथ ही यह भी पूछा जाएगा कि यूजर के पास घर है या नहीं।
फेसबुक यूजरों को वर्गीकृत करने के लिए यात्रा और डिवाइसों के प्रति उनकी दिलचस्पी जैसी जानकारियों को भी इकट्ठा करेगा। हालांकि इसमें आय से संबंधित कोई सीधा सवाल शामिल नहीं किया गया है। सवाल भी उम्र के अनुसार तय होंगे। मसलन 20 से 30 वर्ष की उम्र के बीच के युवाओं से पूछा जाएगा कि उनके पास कितने इंटरनेट डिवाइस हैं। वहीं 30 से 40 वर्ष के लोगों से जाना जाएगा कि उनके पास अपना घर है या नहीं।
क्या फेसबुक से उकताने लगे हैं लोग?
क्या फेसबुक से लोग उकताने लगे हैं, इसलिए कंपनी नए-नए बदलाव कर रही है। सोशल मीडिया कंपनी के सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने बताया की पिछले साल अपनी सेवाओं में बदलाव के तहत साईट पर 50 मिलियन घंटे प्रति दिन या 5 प्रतिशत तक का टाइम स्पेंट कम हो गया है। कंपनी ने कंटेंट को लेकर भी बदलाव करने शुरू कर दिए हैं। फेसबुक को फेक न्यूज फैलाने और अन्य हिंसक सामग्री के सन्दर्भ में काफी आलोचना का सामन करना पड़ा था। पिछले वर्ष अप्रैल में एक फेसबुक यूजर्स ने एक वृद्ध पुरुष को जान से मारते हुए अपना वीडियो शूट कर के साइट पर अपलोड कर दिया था।