ट्विटर में बड़ी तादाद पर कर्मचारियों की छटनी कर सकते हैं एलन मस्क, मीडिया रिपोर्टों में दिए संकेत
एलन मस्क ट्विटर से कर्मचारियों की छटनी शुरू करने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने बीते दिनों ही सोशल मीडिया कंपनी का अधिग्रहण सौदा पूरा किया है। मस्क ने सबसे पहले कंपनी के भारतवंशी सीईओ पराग अग्रवाल समेत कई शीर्ष अधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखाया है।

न्यूयॉर्क, प्रेट्र: एलन मस्क ट्विटर से कर्मचारियों की छटनी शुरू करने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने बीते दिनों ही सोशल मीडिया कंपनी का अधिग्रहण सौदा पूरा किया है। ट्विटर खरीद डील पूरी करने के बाद मस्क ने सबसे पहले कंपनी के भारतवंशी सीईओ पराग अग्रवाल समेत कई शीर्ष अधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखाया था।
छटनी के लिए लिस्ट तैयार करने के निर्देश
समाचार एजेंसी प्रेट्र के मुताबिक कंपनी के कुछ अधिकारियों से छटनी के लिए कर्मचारियों की लिस्ट तैयार करने को कहा गया है। ट्विटर खरीद डील पूरी होने से पहले कुछ ऐसी मीडिया रिपोर्टस् सामने आई थीं कि मस्क कंपनी के करीब 75 प्रतिशत कर्मचारियों की छटनी कर सकते हैं। ट्विटर में मौजूदा वक्त में करीब 7,500 कर्मचारी कार्यरत हैं। अभी यह अनुमान लगाना मुश्किल है कि, कितने कर्मचारियों की छटनी की जाएगी।
नवंबर के पहले हफ्ते में हो सकते हैं बड़े फैसले
मीडिया रिपोर्टों में अनुमान लगाया गया है कि, नवंबर की पहली तारीख से पहले कर्मचारियों की छटनी की जा सकती है। कर्मचारियों को मुआवजे के तौर पर स्टॉक अनुदान देने के लिए निर्धारित किया गया है। मस्क ने ट्विटर के निवेशकों को बताया है कि वो ट्विटर को निजी तौर पर देखेंगे। कंपनी के कार्यबल को कम करने के साथ ही वो, कंटेंट मॉडरेशन नियमों को वापस लेंगे साथ ही आय के नए रास्तों को ढूंढेंगे।
जल्द कंटेंट मॉडरेशन काउंसिल का होगा गठन
वहीं, शुक्रवार को एलन मस्क ने घोषणा की थी कि ट्विटर जल्द ही एक कंटेंट मॉडरेशन काउंसिल का गठन करेंगे। यह काउंसिल कंटेंट माडरेशन से जुड़े हुए फैसले करेगी, साथ ही काउंसिल की समीक्षा के बाद ही बंद हो चुके खातों को फिर से बहाल करने पर विचार किया जाएगा। काउंसिल कंटेंट से जुड़े हुए सभी फैसलों को लेकर जवाबदेह होगी। यह जानकारी मस्क ने खुद ट्वीट कर दी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।