विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'ईरान को काबू में रखने के लिए बहुमत चाहिए', ट्रंप ने जनता से लगाई चुनाव जिताने की गुहार

Published: Tue, 03 Nov 2026 05:00 AM (IST)

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मध्यावधि चुनाव के लिए अपना अभियान समाप्त किया, रिपब्लिकन पार्टी को सीनेट में बहुमत दिलाने की अपील की।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप। (फाइल फोटो।)

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप। (फाइल फोटो।)

HighLights

  1. ट्रंप ने मध्यावधि चुनाव अभियान का समापन किया।

  2. सीनेट में बहुमत चीन, रूस, ईरान नियंत्रण हेतु आवश्यक।

  3. चुनाव प्रचार में भारी खर्च और ईरान युद्ध का जिक्र।

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने म‍ंगलवार को होने जा रहे मध्यावधि चुनाव के लिए सोमवार को अपना धुआंधार चुनावी अभियान समाप्त किया।

आयोवा और कंसास राज्य में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन उन्होंने कहा कि चीन, रूस समेत ईरान को काबू में रखने के लिए रिपब्लिकन पार्टी को सीनेट में बहुमत चाहिए। हम मुस्लिम ब्रदरहुड को अनुमति नहीं दे सकते। एक या दो-तीन सीटें पाते ही वे हावी होने की कोशिश करेंगे और पूरी पार्टी को नियंत्रित करने का प्रयास करेंगे। फिर पार्टी को उनके अनुसार चलना पड़ेगा। वे ब्लैकमेल करेंगे या वसूली पर भी उतर सकते हैं। ट्रंप ने आयोवा में सीनेट प्रत्याशी एश्ले हिनसन और कंसास में रोजर मार्शल के प्रचार में पहुंचे थे।

ट्रंप ने की 30 रैलियां

एएनआई के अनुसार, ट्रंप ने पूरे चुनाव में 30 रैलियां कीं। रिपब्लिकन पार्टी ने चुनाव में जमकर पैसा बहाया। ट्रंप की मागा इंक ने चुनाव प्रचार में करीब 28 करोड़ डालर और उनके करीबी टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने 36.6 करोड़ डालर खर्च किए।

वहीं डेमोक्रेट पार्टी ने करीब 19 करोड़ डालर का चुनावी बजट रखा। सबसे ज्यादा खर्च टेक्सास के सीनेट के चुनाव में हुआ, जहां दोनों पार्टियों ने मिलाकर 57 करोड़ डालर से अधिक का खर्च किया।

विज्ञापन इंटेलिजेंस फर्म एडइंपैक्ट के अनुसार, किसी राज्य में मध्यावधि चुनाव में होनेवाला सबसे बड़ा खर्च है। यहां रिपब्लिकन केन पैक्सटन के सामने डेमोक्रेट जेम्स टालारिको आमने सामने हैं। एडइंपैक्ट के अनुसार, दूसरे नंबर पर ओहायो का सीनेट चुनाव रहा, जहां 51 करोड़ डालर से ज्यादा खर्च किए गए हैं।

चुनाव प्रचार में ईरान युद्ध का जिक्र

उन्होंने प्रचार के दौरान ईरान युद्ध का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि किसी ने उनसे कहा कि रूस और चीन अमेरिका की जासूसी कर रहे हैं, तो मैंने जवाब दिया कि उनकी तुलना में हमारे जासूस बहुत बेहतर हैं और ईरान की मदद करनेवालों पर हमारी पूरी नजर है।

उन्होंने ईरान युद्ध का बचाव करते हुए कहा कि महंगाई और तेल की कीमतें तेजी से नीचे आ रही हैं। उन्होंने पिछले तीन महीने का उदाहरण दिया कि इस दौरान महंगाई 1.7 प्रतिशत नीचे आई है। उन्होंने कहा कि महंगाई उन्हें पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन से विरासत में मिली थी। ईरान युद्ध जरूरी था क्योंकि हम उसे परमाणु हथियार नहीं रखने देंगे।

एएनआइ के अनुसार, आयोवा की रैली में ट्रंप ने दावा किया कि ये युद्ध ईरान ने शुरू किया था, अमेरिका ने नहीं। उन्होंने कहा कि हम इसे खत्म कर रहे हैं। मैं ईरान को परमाणु हथियार से रोक रहा हूं। तेज की जो कीमतें बढ़ी हैं, वे इस युद्ध की छोटी सी कीमत हैं, जो कि देश और दुनिया को वहन करनी पड़ेंगी।

यह भी पढ़ें: अमेरिका में कल से मिडटर्म इलेक्शन, ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के 2 साल बाद ही क्यों हो रहे चुनाव; हारे तो क्या होगा?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।