'सिर्फ 10 मिनट में ईरान को कर देंगे तबाह', ट्रंप ने दी धमकी; मोजतबा खामेनेई ने बदली टारगेट लिस्ट
ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी है कि अमेरिका उसके बचे हुए ठिकानों को 10 मिनट में तबाह कर सकता ...और पढ़ें

अमेरिका ईरान संघर्ष।
HighLights
ट्रंप ने ईरान के ठिकानों को 10 मिनट में तबाह करने की धमकी दी।
मोजतबा खामेनेई ने अमेरिका-इजराइल को नए हमलों की चेतावनी दी।
अमेरिका मध्यावधि चुनावों के बाद ईरान पर सैन्य अभियान कर सकता है।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिका और ईरान के बीच जारी संघर्ष दिन-प्रतिदिन और भयावह होता जा रहा है। ऐसे में अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान के खिलाफ अपना इरादा साफ कर दिया है।
ट्रंप ने ईरान को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि अमेरिका के पास ईरान में अभी एक या दो ठिकाने और बचे हैं जिन्हें ठीक करने यानी तबाह करने की जरूरत है, और अमेरिका यह काम महज 10 मिनट में कर सकता है। ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने अमेरिका और इजराइल को नए हमलों की खुली चेतावनी दी है।
ट्रंप का बड़ा दावा- पिकऐक्स माउंटेन निशाने पर
फ्लोरिडा में पत्रकारों से बात करते हुए राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्होंने ईरान के परमाणु कार्यक्रमों को पहले ही बड़ा झटका दिया है, लेकिन कुछ साइट्स जैसे पिकऐक्स माउंटेन को अभी नेस्तनाबूद करना बाकी है।
जब उनसे पूछा गया कि क्या अमेरिका इस हफ्ते ही ईरान पर कोई सैन्य हमला कर सकता है, तो उन्होंने बेहद तल्ख अंदाज में जवाब दिया कि आप ऐसा मूर्खतापूर्ण सवाल क्यों पूछ रहे हैं? मान लीजिए अगर मैं हमला करने वाला भी होऊं, तो क्या मैं आपको बता दूंगा? हालांकि, इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के साथ बातचीत ठीक-ठाक चल रही है, लेकिन वे बहुत ज्यादा भरोसेमंद नहीं हैं।
मोजतबा खामेनेई की पहली सैन्य बैठक और चेतावनी
दूसरी ओर, ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने पहली बार शीर्ष सैन्य कमांडरों के साथ बैठक की है। इस दौरान खामेनेई ने कमांडरों को सख्त निर्देश दिए हैं कि अमेरिका-इजराइल दुश्मन की हर छोटी-बड़ी संपत्ति को ईरान के नए टारगेट लिस्ट में शामिल किया जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि किसी भी तरह की धमकी का जवाब तत्काल, असरदार और बिना किसी भौगोलिक सीमा के दिया जाएगा।
क्या मिडटर्म चुनावों के बाद ईरान पर हमला करेगा अमेरिका?
गौरतलब है कि अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स और खुद ट्रंप के पिछले बयानों से संकेत मिल रहे हैं कि अमेरिका अमेरिका के मध्यावधि चुनावों के बाद ईरान के खिलाफ एक बार फिर बड़ा सैन्य अभियान छेड़ सकता है।
'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' की रिपोर्ट के मुताबिक, वॉशिंगटन ने खाड़ी के कई अरब देशों को चेतावनी दी है कि वे अमेरिका के 3 नवंबर के चुनावों के बाद ईरान के खिलाफ एक छोटे और तीव्र सैन्य अभियान के लिए तैयार रहें।
मार्को रुबियो ने भी दिए संकेत
दूसरी तरफ, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी शनिवार को चेतावनी देते हुए कहा कि अमेरिका जब चाहे अपने सैन्य उद्देश्यों को हासिल कर सकता है, हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति ट्रंप ने अभी तक नए हमलों पर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है। इसके साथ ही उन्होंने ईरान पर वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाने का भी गंभीर आरोप लगाया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।