विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'ब्राजील में धांधली हुई', लूला की जीत ट्रंप को नहीं आई रास; बोले- भ्रष्ट और बेहद भयानक

Published: Tue, 27 Oct 2026 07:18 AM (IST)

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव को 'धांधली वाला' बताया, जिसमें वामपंथी लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा ने जीत हासिल की।

ब्राजील में लूला की जीत पर क्या बोले ट्रंप? (फाइल फोटो।)

ब्राजील में लूला की जीत पर क्या बोले ट्रंप? (फाइल फोटो।)

HighLights

  1. ट्रंप ने ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव में धांधली का आरोप लगाया।

  2. वामपंथी लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा ने चुनाव में जीत दर्ज की।

  3. बोल्सोनारो ने चुनाव नतीजों को रद्द करने की मांग की।

डिजिटल डेस्क, वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने सोमवार, 26 अक्टूबर को कहा कि ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव में धांधली हुई। हालांकि उन्होंने इसके लिए कोई सबूत नहीं दिया। वामपंथी राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा ने यह चुनाव जीता है।

मैरीलैंड के जॉइंट बेस एंड्रयूज में ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, "सच कहूं तो यह एक और धांधली वाला चुनाव लग रहा था। मैंने किसी का पक्ष नहीं लिया, लेकिन दुनिया के सामने यह बहुत खराब तस्वीर पेश करता है। चुनाव ऐसे होने चाहिए जिन पर कोई सवाल न उठे और मुझे तो यह बहुत बुरा लगा।"

लूला ने चौथी बार की सत्ता में वापसी

जब उनसे पूछा गया कि क्या वह चुनाव के बारे में कुछ करेंगे तो ट्रंप ने जवाब दिया, “मैं ब्राजील नहीं चला रहा हूं, मैं अमेरिका चला रहा हूं।” लुला डा सिल्वा ने अपने दक्षिणपंथी प्रतिद्वंद्वी फ्लावियो बोल्सोनारो को हराकर चौथी बार सत्ता में वापसी की।

पोलिटिको के अनुसार, हालांकि ट्रंप ने कभी खुलकर किसी उम्मीदवार का समर्थन नहीं किया, लेकिन उन्होंने कई मौकों पर बोल्सोनारो का साथ दिया। ट्रंप ने चुनाव के बारे में कहा, “मैंने किसी का पक्ष नहीं लिया न ही किसी का समर्थन किया लेकिन मैंने चुनाव को देखा और यह बहुत भ्रष्ट लग रहा है। बहुत ही भयानक।”

बोल्सोनारो ने हार मानने से किया इनकार

इस बीच, बोल्सोनारो ने हार मानने से इनकार कर दिया है और नतीजों को रद करने की मांग की है। ब्राजील के एक अधिकारी ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि अमेरिका आखिरकार लूला की जीत को मान्यता दे देगा। उन्होंने कहा कि मतदान के आंकड़ों पर सवाल उठाना मुश्किल है।

अधिकारी ने आगे कहा, "अगर ट्रंप मान्यता नहीं देते हैं तो क्या होगा? ज्यादा से ज्यादा हम राजनयिक संबंध तोड़ सकते हैं, जिसका फायदा चीन को मिलेगा लेकिन अमेरिका ब्राजील पर हमला करके कोई कठपुतली सरकार नहीं थोपेगा। हम वेनेजुएला नहीं हैं। हमारी सरकार कायम रहेगी।"

यह भी पढ़ें: ट्रंप ने जिसे जिहादी बोला क्या वो अमेरिका का पहला मुस्लिम सीनेटर बन सकता है?