ट्रंप बोले, सीमा पर तनाव कम करने के लिए भारत और चीन दोनों से बात कर रहा अमेरिका
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि सीमा पर तनाव घटाने के लिए वह भारत और चीन दोनों ही मुल्कों के साथ बातचीत कर रहे हैं। जानें उन्होंने और क्या कहा...
वाशिंगटन, पीटीआइ। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-चीन सीमा विवाद को लेकर एक बार फिर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि अमेरिका दोनों देशों से बात कर रहा है, जिससे मौजूदा सीमा तनाव को हल करने में मदद मिल सके। ओक्लाहोमा में रैली को संबोधित करने जाने से पहले शनिवार को व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, 'हम भारत से बात कर रहे हैं। हम चीन से बात कर रहे हैं। यह मुश्किल वक्त है। वहां एक बड़ी समस्या है।'
भारत और चीन के बीच स्थिति के आकलन के बारे में पूछे जाने पर ट्रंप ने किसी का पक्ष तो नहीं लिया, लेकिन उन्होंने इतना जरूर कहा, 'दोनों देशों आमने-सामने आ गए हैं। हम देखेंगे कि क्या हो सकता है। हम कोशिश करेंगे और इस संकट से बाहर निकलने में मदद करेंगे।' इससे पहले भी ट्रंप ने दोनों देशों के बीच मध्यस्थता करने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन भारत और चीन दोनों ने ही इसे ठुकरा दिया था।
बीते कुछ दिन से पूरा ट्रंप प्रशासन पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर भारतीय क्षेत्र में चीन सेना की अवैध घुसपैठ के मामले में भारत के पक्ष में खड़ा नजर आया है। इस हफ्ते की शुरुआत में लद्दाख की गलवान घाटी में चीन सेना की घुसपैठ के बाद दोनों ओर के सैनिकों के बीच हुई हिंसक झड़प में भारत के 20 सैनिक वीरगति को प्राप्त हुए थे जबकि चीन सेना के 40 से अधिक सैनिक मारे गए थे।
अमेरिका ने चीन पर भारत और अन्य पड़ोसियों के साथ सीमावर्ती तनाव बढ़ाने का आरोप लगाया है ताकि वे महामारी से लड़ने में व्यस्त इन देशों का लाभ उठा सके। एक दिन पहले ही विदेश मंत्री माइक पोंपियो ने कहा था कि चीनी सेना ने भारत के साथ तनाव को बढ़ा दिया है जो दुनिया की सबसे बड़ी आबादी वाला लोकतंत्र है। पोंपियो ने कहा, 'चीन दक्षिण चीन सागर का सैन्यीकरण कर रहा है और वहां पर अवैध रूप से और ज्यादा इलाके को अपना बता रहा है।