'उम्मीद है कि आगे भी निरंतर जारी रहेगा', अफीम के खिलाफ पीएम मोदी के अभियान को ट्रंप ने सराहा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अफीम उत्पादन रोकने के लिए पीएम मोदी के प्रयासों की सराहना की है, हालांकि भारत ...और पढ़ें

पीएम मोदी और डोनल्ड ट्रंप। (फाइल फोटो।)
HighLights
ट्रंप ने अफीम उत्पादन रोकने के लिए पीएम मोदी की सराहना की।
भारत अभी भी अवैध ड्रग्स ट्रांजिट देशों की अमेरिकी सूची में।
ट्रंप ने अमेरिका-भारत ड्रग पॉलिसी सहयोग जारी रखने की उम्मीद जताई।
डिजिटल डेस्क, वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने अफीम उत्पादन को रोकने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की सराहना की है, भले ही भारत अभी भी वॉशिंगटन की अवैध ड्रग्स के ट्रांजिट और उत्पादन करने वाले प्रमुख देशों की सूची में शामिल है।
एक आधिकारिक बयान में अमेरिकी विदेश विभाग ने राष्ट्रपति की बात रखी। इसमें कहा गया, "मैं अवैध अफीम की खेती से निपटने के लिए प्रधानमंत्री मोदी और भारत सरकार के प्रयासों का स्वागत करता हूं। मुझे उम्मीद है कि अमेरिका-भारत ड्रग पॉलिसी फ्रेमवर्क के जरिये हमारा सहयोग आगे भी निरंतर जारी रहेगा।"
अवैध ड्रग्स का उत्पादन या ट्रांजिट करने वाले देशों की सूची में भारत
हालांकि आगामी वर्ष 2027 के लिए अमेरिका ने भारत को अवैध ड्रग्स का उत्पादन या ट्रांजिट करने वाले प्रमुख देशों की अपनी सूची में बीस से अधिक अन्य देशों के साथ रखा है। इनमें अगानिस्तान, पाकिस्तान, चीन, मैक्सिको, कोलंबिया और वेनेजुएला जैसे देश शामिल हैं।
अमेरिकी अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आधिकारिक सूची में शामिल होने का मतलब यह नहीं है कि वहां की राष्ट्रीय सरकारें नशीले पदार्थों से निपटने में विफल रही हैं बल्कि यह देश के भौगोलिक हालात व अन्य कारणों पर भी निर्भर करता है।
ड्रग्स नेटवर्क ध्वस्त करने पर दिया जोर
ट्रंप ने ड्रग कार्टेल और नार्को-टेररिस्ट नेटवर्क को खत्म करने में अपने प्रशासन द्वारा हासिल की गई "ऐतिहासिक प्रगति" पर भी जोर दिया। साथ ही उन्होंने दावा किया अमेरिका की दक्षिणी सीमा पर ड्रग्स की जब्ती में आधे से ज्यादा की कमी आई है।
