न्यूयॉर्क के संग्रहालय के बाहर से हटाई जाएगी रूजवेल्ट की प्रतिमा, राष्ट्रपति ट्रंप ने जताया विरोध
न्यूयॉर्क स्थित अमेरिकन म्यूजियम ऑफ नैचुरल हिस्ट्री के प्रवेश द्वार पर लगी पूर्व राष्ट्रपति थियोडोर रूजवेल्ट की प्रतिमा को हटाया जाएगा। राष्ट्रपति ट्रंप ने इसका विरोध किया है।
न्यूयॉर्क [द न्यूयॉर्क टाइम्स]। न्यूयॉर्क स्थित अमेरिकन म्यूजियम ऑफ नैचुरल हिस्ट्री के प्रवेश द्वार पर लगी पूर्व राष्ट्रपति थियोडोर रूजवेल्ट की प्रतिमा को हटाया जाएगा। रूजवेल्ट की कांस्य मूर्ति 1940 से संग्रहालय के सेंट्रक पार्क के पश्चिम प्रवेश द्वार पर खड़ी है। इसमें एक अमेरिकी मूल-निवासी और एक अफ्रीकी व्यक्ति के साथ घोड़े की पीठ पर रूजवेल्ट को बैठे दिखाया गया है। मूर्ति को लेकर वर्षों से आपत्तियां जताई जा रही थीं, लेकिन जॉर्ज फ्लॉयड की मौत के बाद प्रतिमा को हटाए जाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। राष्ट्रपति ट्रंप ने इसका विरोध किया है।
संग्रहालय ने कहा, मूर्ति का विरोध है, रूजवेल्ट का नहीं
प्रतिमा को औपनिवेशिक विस्तार और नस्लीय भेदभाव का प्रतीक माना जाता है। म्यूजियम की अध्यक्ष एलेन फटर ने बताया कि जॉर्ज फ्लॉयड की मौत के बाद हो रहे व्यापक आंदोलनों ने म्यूजियम के लोगों को बहुत प्रभावित किया है। दुनिया और देश का ध्यान इन मूर्तियों की ओर बढ़ा है और सभी इन मूर्तियों को नस्लवाद के शक्तिशाली और आहत प्रतीकों के रूप में देखा जा रहा है। फटर ने कहा कि संग्रहालय ने मूर्ति का विरोध किया है, रूजवेल्ट का नहीं।
मेयर बोले, मूर्ति हटाने का फैसला सही
न्यूयॉर्क के मेयर बिल डी ब्लासियो ने कहा कि पूरा शहर म्यूजियम के इस अनुरोध का समर्थन कर रहा है। इस विवादास्पद मूर्ति को हटाने का यह निर्णय और समय बिल्कुल सही है। पूर्व राष्ट्रपति के परपोते थियोडोर रूजवेल्ट चतुर्थ ने कहा है कि कांस्य मूर्ति की संरचना थियोडोर रूजवेल्ट की विरासत को प्रतिबिंबित नहीं करती है। यह समय प्रतिमा को हटाकर आगे बढ़ने का है। हालांकि अभी तक इस संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली है कि आखिर प्रतिमा को कब हटाया जाएगा और उसके बाद इसे कहां रखा जाएगा।
ट्रंप ने जताया विरोध
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकन म्यूजियम ऑफ नैचुरल हिस्ट्री के प्रवेश द्वारा लगी पूर्व राष्ट्रपति थियोडोर रूजवेल्ट की प्रतिमा को हटाए जाने का विरोध किया है। सोमवार को एक ट्वीट जारी कर ट्रंप ने ऐसा नहीं करने को कहा है। खास बात यह है कि राष्ट्रपति ट्रंप की तरह रूजवेल्ट भी रिपब्लिकन थे और 1901-1909 तक अमेरिका के राष्ट्रपति रहे थे।
पिता थे म्यूजियम के संस्थापक सदस्य
बता दें कि अमरीका के 26 वें राष्ट्रपति बनने से पहले रूजवेल्ट न्यूयॉर्क के गवर्नर थे। यही नहीं पूर्व राष्ट्रपति थियोडोर रूजवेल्ट (Theodore Roosevelt) के पिता इस म्यूजियम के संस्थापक सदस्यों में थे। उनके घर में ही इसके चार्टर पर हस्ताक्षर हुए थे। संग्रहालय में पहले से ही रूजवेल्ट के नाम पर कई स्थानों का नाम है। इनमें रूजवेल्ट मेमोरियल हॉल और थियोडोर रूजवेल्ट पार्क शामिल हैं। रूजवेल्ट के समर्थक उन्हें जहां अमेरिका में जातिवाद खत्म करने के तौर पर जानते हैं वहीं उनके आलोचकों का कहना है कि वह गरीबों और दिव्यांगों की नसबंदी का समर्थन करते थे।