'अमेरिका को मिल गए ग्रीनलैंड और वेनेजुएला', ट्रंप का नया दावा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जॉर्जिया में एक रैली में दावा किया कि अमेरिका को ग्रीनलैंड और वेनेजुएला मिल गए ...और पढ़ें
-1792958400703_m.webp)
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप। (फाइल फोटो।)
डिजिटल डेस्क, जॉर्जिया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने शनिवार को जॉर्जिया के पेरी में रिपब्लिकन उम्मीदवारों के समर्थन में आयोजित चुनावी रैली में दावा किया कि अमेरिका को ग्रीनलैंड और वेनेजुएला, दोनों मिल गए हैं।
उन्होंने ग्रीनलैंड को लेकर कहा कि डेनमार्क ने यह क्षेत्र अमेरिका को सौंप दिया है। ट्रंप ने इसे इतिहास की सबसे बड़ी रियल एस्टेट डील बताते हुए वेनेजुएला का भी जिक्र किया।
'ग्रीनलैंड अब हमारे पास है'
ट्रंप ने कहा, “डेनमार्क बहुत अच्छा है। उन्होंने हमें ग्रीनलैंड दे दिया। अब यह हमारे पास है। हम वहां अच्छा काम कर रहे हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि पहले लोग आशंका जता रहे थे कि अमेरिका ग्रीनलैंड पर हमला कर सकता है, लेकिन दोनों देशों के बीच समझौता हो गया।
'हमें दोनों मिल गए हैं'
ट्रंप ने दावा किया कि मीडिया ने इस समझौते को ज्यादा तवज्जो नहीं दी। उन्होंने ग्रीनलैंड और वेनेजुएला का जिक्र करते हुए समर्थकों से पूछा कि इनमें से किसे इतिहास की सबसे बड़ी रियल एस्टेट डील कहा जाना चाहिए। इसके बाद उन्होंने कहा, “हमें दोनों मिल गए हैं।”
ट्रंप के दावों के विपरीत, ग्रीनलैंड को अमेरिका को सौंपे जाने की कोई पुष्टि नहीं है। न ही वेनेजुएला अमेरिका का हिस्सा बना है। ट्रंप का यह बयान 22 अक्टूबर को अमेरिका और डेनमार्क के बीच हुए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) के बाद आया। इसका उद्देश्य समुद्री उद्योग में सहयोग बढ़ाना और अमेरिकी जहाज निर्माण क्षमता को मजबूत करना था।
हालांकि, इस समझौते का ग्रीनलैंड पर संप्रभुता हस्तांतरित करने से कोई संबंध नहीं है। दस्तावेज में स्पष्ट कहा गया है कि यह समझौता ज्ञापन ग्रीनलैंड और फरो आइलैंड्स पर लागू नहीं होता।
इसमें यह भी उल्लेख है कि दस्तावेज दोनों देशों के राजनीतिक इरादों को दर्शाता है, लेकिन यह अंतरराष्ट्रीय संधि नहीं है और इससे कोई कानूनी अधिकार या दायित्व पैदा नहीं होते। इसके तहत किसी खरीद, ठेका देने या दोनों पक्षों के बीच धन हस्तांतरण की अनुमति भी नहीं है। दोनों देशों को अपना खर्च स्वयं उठाना होगा।
