सैन्य परेड के साथ ट्रंप ने मनाया स्वतंत्रता दिवस, कहा- अमेरिकियों के लिए कुछ भी असंभव नहीं
राजधानी वाशिंगटन स्थित लिंकन मेमोरियल से अपने 47 मिनट के संबोधन में ट्रंप ने कहा अमेरिकियों के लिए कुछ भी असंभव नहीं है। हमारा देश आज जितना मजबूत है उतना पहले कभी नहीं था।
वाशिंगटन, प्रेट्र। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने परंपरा से अलग हटकर गुरुवार को अमेरिका का स्वतंत्रता दिवस सैन्य परेड के साथ मनाया। परेड में अमेरिकी लड़ाकू विमानों और टैंकों को प्रदर्शित किया गया। इस खास मौके पर उन्होंने भाषण भी दिया। वह पिछले 70 सालों में ऐसा करने वाले अमेरिका के पहले राष्ट्रपति बन गए हैं। विपक्षी डेमोक्रेट नेताओं ने इसकी आलोचना की है। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रंप देश की आजादी का राजनीतिकरण कर रहे हैं। अमेरिका को चार जुलाई, 1776 को ब्रिटेन से आजादी मिली थी।
राजधानी वाशिंगटन स्थित लिंकन मेमोरियल से अपने 47 मिनट के संबोधन में ट्रंप ने कहा, 'अमेरिकियों के लिए कुछ भी असंभव नहीं है। हमारा देश आज जितना मजबूत है, उतना पहले कभी नहीं था। यह अमेरिकी सैनिकों और जनरलों को सलाम करने का अवसर है।' इस सैन्य परेड में बमवर्षक बी-2 और एफ-35 लड़ाकू विमानों ने वाशिंगटन के आसमान में उड़ान भरी। इसके अलावा नवीनतम अब्राम और शर्मन टैंक भी प्रदर्शित किए गए।
सैन्य परेड की परंपरा नहीं
अमेरिका में स्वतंत्रता दिवस पर सैन्य परेड की परंपरा नहीं है। ट्रंप के पूर्ववर्ती भी स्वतंत्रता दिवस समारोह से दूर रहे। इस दिन आमतौर पर आतिशबाजी होती है। वाशिंगटन में एक बार सैन्य परेड खाड़ी युद्ध समाप्त होने के बाद जून, 1991 में हुई थी।
2017 में आया परेड का खयाल
ट्रंप के दिमाग में सैन्य परेड का खयाल 2017 में फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस बास्तील डे में शामिल होने के वक्त आया था। हालांकि तब उन्हें विरोध के चलते इस खयाल को छोड़ना पड़ा था।
प्रदर्शनकारियों ने जलाया अमेरिकी ध्वज
ट्रंप के संबोधन के दौरान ह्वाइट हाउस के सामने प्रदर्शनकारियों ने अमेरिकी ध्वज जलाया। इस दौरान ट्रंप समर्थकों और विरोधियों के बीच हुई झड़प में अमेरिकी खुफिया सेवा के दो अधिकारी घायल हो गए।