विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमेरिकी मध्यावधि चुनावों में जीत के बाद आक्रामक हुई डेमोक्रेटिक पार्टी, ट्रंप प्रशासन के खिलाफ बड़े पैमाने पर होगी भ्रष्टाचार की जांच

Published: Thu, 05 Nov 2026 10:49 PM (IST)

अमेरिकी मध्यावधि चुनावों के बाद संसद में बहुमत हासिल करने वाली डेमोक्रेटिक पार्टी, राष्ट्रपति ट्रंप और उनके करीबियों पर लगे ...और पढ़ें

डेमोक्रेट्स करेंगे ट्रंप प्रशासन के भ्रष्टाचार की व्यापक जांच

डेमोक्रेट्स करेंगे ट्रंप प्रशासन के भ्रष्टाचार की व्यापक जांच

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिकी मध्यावधि चुनावों के दौरान भ्रष्टाचार का मुद्दा सबसे ऊपर था। लिहाजा संसद के दोनों सदनों में बहुमत हासिल कर चुकी डेमोक्रेटिक पार्टी इस मुद्दे को सबसे ऊपर रख रही है।

दोनों सदनों में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि वे बहुमत का इस्तेमाल व्यापक जांच के लिए करेंगे। उनका आरोप है कि राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप और उनके करीबियों ने जनता की कीमत पर निजी लाभ कमाया है। हालांकि ट्रंप कोई भी गड़बड़ी करने से इन्कार करते रहे हैं।

प्रतिनिधि सभा के डेमोक्रेट सदस्य ट्रंप और उनके परिवार के सत्ता में लौटने के बाद और अमीर होने के तरीकों की जांच का बड़े पैमाने पर खाका तैयार कर रहे हैं। न्यूयार्क के डेमोक्रेटिक नेता हकीम जेफ्रीज, जो प्रतिनिधि सभा का स्पीकर बनने की कतार में हैं, ने ट्रंप को महाभियोग के जरिये हटाने की तीसरी बार कोशिश करने से इनकार नहीं किया है।

कुछ महीने पहले जेफ्रीज ने निगरानी और न्यायपालिका समितियों के शीर्ष डेमोक्रेट्स कैलिफोर्निया के सांसद राबर्ट गार्सिया और मैरीलैंड के सांसद जैमी रास्किन को इस प्रयास की अगुआई करने की जिम्मेदारी दी थी। डेमोक्रेट्स सार्वजनिक भ्रष्टाचार को उन महंगाई संबंधी चिंताओं से जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं, जिनका असर अमेरिकियों की जेब पर पड़ रहा है।

मंगलवार रात चुनाव नतीजे डेमोक्रेट्स के पक्ष में आने लगे तो गार्सिया ने एक्स पर लिखा, 'अपने वकील तैयार रखें।'

सीनेट में भी इसी तरह की जांच होने की उम्मीद है। न्यूयार्क से डेमोक्रेटिक सीनेटर चक शूमर ने कहा, 'अमेरिकी चाहते हैं कि हम सरकार में भ्रष्टाचार को साफ करें। किसी भी अमेरिकी को सुपरमार्केट में खरीदारी के दौरान चीजों में कटौती करने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए, जबकि ट्रंप शेयर बाजार में अंदरूनी जानकारी के आधार पर कारोबार कर रहे हों।' शूमर अगले वर्ष सीनेट में बहुमत के नेता के रूप में लौटने की तैयारी में हैं।

निगरानी और सरकारी सुधार समिति के प्रमुख डेमोक्रेट गार्सिया ने पांच प्राथमिकताएं बताई हैं। इनमें ट्रंप परिवार के कारोबारी सौदे, जेफ्री एपस्टीन जांच से निपटने का प्रशासन का तरीका, आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन (आइसीई) की कार्रवाई शामिल हैं।

प्राकृतिक संसाधन समिति के प्रमुख कैलिफोर्निया के डेमोक्रेट सांसद जारेड हफमैन ने कहा कि वह ट्रंप के व्हाइट हाउस बालरूम और निर्माण की अन्य परियोजनाओं के साथ-साथ खनिज सौदों में ट्रंप परिवार की भूमिका की भी पड़ताल करना चाहते हैं।

प्रतिनिधि सभा में बहुमत मिलने के साथ संसद की समितियों को अधिक कर्मचारी और संसाधन मिलेंगे। जांच का दायरा व्यापक होने की उम्मीद है। इसमें वे समितियां शामिल होंगी, जिन्हें कैबिनेट सदस्यों और उनके नेतृत्व वाली एजेंसियों की निगरानी का अधिकार है।

सीनेट में कनेक्टिकट से डेमोक्रेटिक सीनेटर रिचर्ड ब्लूमेंथल के गृह सुरक्षा समिति की स्थायी जांच उपसमिति के अध्यक्ष बनने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि उनकी समिति देश की राजधानी के आसपास ट्रंप की रियल एस्टेट परियोजनाओं और विशेष दूत स्टीव विटकाफ के साथ उनके क्रिप्टो कारोबार की जांच करना चाहेगी। विटकाफ ट्रंप के लंबे समय से सहयोगी हैं और उन्होंने राष्ट्रपति के परिवार के क्रिप्टोकरेंसी उपक्रम वर्ल्ड लिबर्टी फाइनेंशियल में उनके साथ साझेदारी की थी।

ब्लूमेंथल ने कहा, 'इस प्रशासन में भ्रष्टाचार की जड़ें गहरी हैं और इससे आम अमेरिकियों का रोजमर्रा का खर्च बढ़ा है।' उन्होंने कहा कि वह आइसीई की छापेमारी, सरकारी दक्षता विभाग की कार्रवाइयों और मेडिकेयर योजनाओं पर भी सुनवाई चाहते हैं। उनका कहना है कि ये योजनाएं जरूरत से ज्यादा प्रतिबंधात्मक हैं और इनके कारण कुछ मरीजों को देखभाल नहीं मिल पाई है।

ओरेगन से डेमोक्रेटिक सीनेटर रान वाइडन ने भी जांच के कई संभावित विषय गिनाए। वह अगले कार्यकाल में सीनेट की वित्त समिति के अध्यक्ष बन सकते हैं। उन्होंने इन्हें जवाबदेही के एजेंडे का हिस्सा बताया। इनमें वे बैंक शामिल हैं, जिन पर उनका आरोप है कि उन्होंने एपस्टीन के वित्तीय लेन-देन से जुड़े खतरे के संकेतों को नजरअंदाज किया। दवा कंपनियां भी जांच के दायरे में हो सकती हैं, जिन्हें ट्रंप प्रशासन से अपने संबंधों का फायदा मिला है।

वाइडन ने एक बयान में कहा, 'जब मैं अध्यक्ष बनूंगा, तो अमेरिकी लोगों को नुकसान पहुंचाने और ट्रंप के भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने में अपनी भूमिका के बारे में उन्हें सीनेट की वित्त समिति के सामने जवाब देना होगा।'

हालांकि व्हाइट हाउस की प्रवक्ता लारेन बिस ने बुधवार को कहा, 'जैसा राष्ट्रपति ने कहा है, वह मेहनतकश अमेरिकियों की जीत के लिए किसी के भी साथ काम करने को तैयार हैं। अगर डेमोक्रेट्स दिखावटी जांच और कट्टरपंथी वामपंथी नीतियां अपनाने का फैसला करते हैं, तो वे अमेरिकी लोगों के विरुद्ध काम करना चुन रहे हैं।'

(न्यूज एजेंसी एपी के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।