अमेरिका: न्यू ऑर्लियन्स में क्रूज शिप से टैंकर की टक्कर, सभी यात्री और क्रू सदस्यों को बचाया गया
अमेरिका के न्यू ऑर्लियन्स के पोर्ट पर खड़ी एक रिवर क्रूज बोट से टैंकर की जोरदार टक्कर हो गई। टैंकर ...और पढ़ें

न्यू ऑर्लियन्स में क्रूज शिप से टैंकर की टक्कर (फोटो- रॉयटर)
HighLights
कई लोगों के पहचान पत्र, फोन और चाबियां खो गईं
लोगों को घर पहुंचाने के लिए परिवहन की व्यवस्था की जा रही है
एपी, न्यू ऑर्लियन्स। शुक्रवार को मिसिसिपी नदी पर न्यू ऑर्लियन्स के पोर्ट पर खड़ी एक रिवर क्रूज बोट से टैंकर की जोरदार टक्कर हो गई। टैंकर कथित तौर पर स्टीयरिंग नियंत्रण खो बैठा था। करीब 180 लोगों वाली क्रूज बोट पानी लेने लगी और पलटने लगी, लेकिन सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित बच गए।
मेयर हेलेना मोरेनो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि मिसिसिपी पर यह सचमुच चमत्कार है। कोई भी लापता नहीं है। उन्होंने बताया कि 32 लोगों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन किसी की हालत गंभीर नहीं है।
वीडियो में दिखा कि बड़ा टैंकर (अटलांटिक एस्फाल्ट) डॉक पर खड़ी क्रूज बोट से टकराया। धातु और कांच के टुकड़े बिखर गए। टगबोट ऑपरेटर्स, पुलिस, नजदीकी मजदूर और बचावकर्मियों ने तुरंत बचाव शुरू कर दिया। कई लोगों और दो पुलिस अधिकारियों को 19 डिग्री सेल्सियस तापमान वाले नदी के पानी से निकाला गया।
बचाव अभियान के दौरान ही बोट पानी भरने लगी और पलट गई। प्रत्यक्षदर्शी डेवोन फ्लानगन ने कहा कि वहां पूरी अफरा-तफरी मची हुई थी। कई जहाज मदद के लिए आए थे।
कोस्ट गार्ड की कैप्टन मेलानी बर्नम ने बताया कि टैंकर का स्टीयरिंग नियंत्रण खोने जैसा लगता है, लेकिन सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड जांच करेगा, लेकिन देशभर में उड़ानें रुकने के कारण जांच टीम तुरंत नहीं पहुंच पाई।
क्रूज कंपनी ने रोल कॉल कर सभी की मौजूदगी सुनिश्चित की। कई लोगों के पहचान पत्र, फोन और चाबियां खो गईं। ज्यादातर यात्री बाहर के थे। मेयर ने बताया कि उन्हें चार्जर, भोजन, होटल और परिवहन की व्यवस्था की जा रही है।
न्यू जर्सी व फिलाडेल्फिया के बीच पुल से टकराया मालवाहक जहाज
डेलावेयर नदी पर बने पुल से गुरुवार को एक मालवाहक जहाज टकरा गया। इससे न्यू जर्सी के पल्मीरा और फिलाडेल्फिया के बीच यातायात बाधित हो गया। राज्य प्रतिनिधि एड नीलसन ने बताया कि टक्कर के कारण 1115 मीटर लंबा टैकोनी-पल्मीरा ब्रिज बंद नहीं हो पा रहा है, जिससे फिलाडेल्फिया की तरफ भारी जाम लग गया है। उन्होंने कहा कि किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है।
यूएस कोस्ट गार्ड ने बताया कि मालवाहक जहाज अभी पेंसिल्वेनिया के ब्रिस्टल में किंडर मोर्गन की एक परिसर पर खड़ा है, जहां एक निरीक्षण टीम मौजूद है। कोस्ट गार्ड ने अभी तक जहाज के मालिक या संचालक के बारे में कोई और जानकारी नहीं दी है। 2025 के अनुमानों के मुताबिक, इस्पात से बने इस पुल से हर दिन 76,200 तक वाहन गुजर सकते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।