रूस और ब्रिटेन में बढ़ने लगे कोरोना के मामले, चीन में नई पाबंदियां, ब्राजील में हर रोज 2300 से ज्यादा मौतें
रूस में कोरोना संक्रमण के मामलों में तेजी आ गई है। चीन के ग्वांगझोउ में मनोरंजन के सभी स्थल बंद कर दिए गए हैं। रूस में आम तौर पर कोरोना संक्रमण के मामले हर रोज सात हजार के आसपास ही निकल रहे थे।
मास्को, एजेंसियां। रूस में कोरोना संक्रमण के मामलों में तेजी आ गई है। चीन के ग्वांगझोउ में मनोरंजन के सभी स्थल बंद कर दिए गए हैं। रूस में आम तौर पर कोरोना संक्रमण के मामले हर रोज सात हजार के आसपास ही निकल रहे थे। मार्च के बाद 24 घंटे में इन मामलों की संख्या दस हजार से ज्यादा हो गई है। यहां कुल संक्रमण के मामलों की संख्या 51 लाख के पार हो गई। मरने वालों की भी संख्या बढ़ी है। राजधानी मास्को में प्रतिबंध कड़े कर दिए गए हैं।
चीन में सख्त हुई पाबंदियां
चीन के ग्वांगझोउ शहर में बढ़ते कोरोना संक्रमण के कारण सिनेमा, थियेटर, नाइट क्लब और सभी इनडोर मनोरंजन स्थल बंद कर दिए गए हैं। ग्वांगझोउ के आसपास के क्षेत्रों में भी प्रतिबंध कड़े कर दिए गए। यहां अधिकांश मरीजों में डेल्टा वैरिएंट मिला है।
ऑस्ट्रेलिया में ढील
ऑस्ट्रेलिया में संक्रमण बढ़ने के कारण मेलबर्न में लगाए गए लॉकडाउन को शुक्रवार से खोला जा रहा है। यहां डेल्टा वैरिएंट के कारण मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ गई थी।
पाक में वैक्सीन को लेकर मारामारी
पाकिस्तान में वैक्सीन को लेकर मारामारी शुरू हो गई है। यहां पर गरीबों को तो वैक्सीन मिलना लगभग बंद हो गया है। यही स्थिति यहां रहने वाले शरणार्थियों की है। स्थानीय मीडिया के अनुसार पाकिस्तान में वैक्सीन पर गरीब और अमीर का भेदभाव चरम पर है।
एक नजर इन देशों पर
श्रीलंका : कोरोना संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 21 लाख के पार हो गई है।
बांग्लादेश : यहां हर रोज कोरोना के 2300 मामले सामने आ रहे हैं।
ब्राजील : हर रोज 2300 से ज्यादा लोगों की मौत हो रही है।
अमेरिका ने यात्रा में दी ढील
अमेरिका ने जापान ओलंपिक से पहले यात्रा में ढील दी है। अब अमेरिका ने अपने नागिरकों से कहा है कि वे जापान की यात्रा पर पुनर्विचार करें। पहले यात्रा न करने के लिए कहा गया था। जारी नए नोटिस में कहा गया है कि नागरिकों से आग्रह किया जाता है कि वे जापान की यात्रा से पहले अपने डाक्टर से परामर्श करें और वहां बीमार लोगों के संपर्क से बचें।
ब्रिटेन में बढ़ी चिंता
वहीं ब्रिटेन में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। समाचार एजेंसी रॉयटर के मुताबिक 28 दिनों के भीतर एक दिन में छह नई मौतों और 7,540 कोरोना संक्रमण के नए मामले दर्ज किए गए हैं। हाल ही में ब्रिटेन में एक दिन में 13 मौतें और 6,048 नए मामले दर्ज किए गए थे। यह हाल तब है जब ब्रिटेन में बड़े पैमाने पर टीकाकरण अभियान चलाया गया है। ब्रिटेन में 4.07 करोड़ लोगों को कोविड वैक्सीन की पहली जबकि 2.85 करोड़ लोगों को दोनों डोज लगाई जा चुकी है।