ट्रंप ने हिलेरी पर कसा तंज, बोले- वर्ष 2020 के री-मैच में हमें कर सकतीं हैं परास्त
ट्रंप ने पूर्व प्रथम महिला का मजाक उड़ाते हुए कहा कि वर्ष 2020 में री-मैच में हिलेरी उनको हरा सकती हैं।
वाशिंगटन, एजेंसी । अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने राज्य की पूर्व सचिव हिलेरी क्लिंटन पर तंज कसते हुए कहा है कि उन्हें अगला राष्ट्रपति चुनाव भी लड़ना चाहिए। ट्रंप ने पूर्व प्रथम महिला का मजाक उड़ाते हुए कहा कि वर्ष 2020 में री-मैच में हिलेरी उनको हरा सकती हैं। बता देंं कि हिलेरी क्लिंटन वर्ष 2016 के राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप की प्रमुख प्रतिद्वंद्वी थी। उन्होंने चुनाव में ट्रंप को कड़ी टक्कर दी थी।
ट्रंप ने कहा कि इसके लिए शर्त यह है कि उन्हें अपने अपराधों पर सफाई देनी होगी। खास बात यह है कि ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे वक्त आई है जब एक सर्वेक्षण में यह भविष्यवाणी की गई है की अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में अगर दोनों नेता आमने-सामने होते हैं तो यह कांटे की टक्कर होगी। इस सर्वेक्षण के मुताबिक दोनों नेताओं को 45-45 फीसद मत मिलेंगे। यह मुकाबला बराबरी का होगा। सर्वेक्षण में 11फीसद मतदाता अनिर्णय की स्थिति में बताया गया है।
गौरतलब है कि पिछले महीने विदेश विभाग ने ई-मेल रिकॉर्ड मामले में कई अफसरों और हिलेरी के सहयोगियों के खिलाफ दोबारा जांच शुरू की थी। इस पर हिलेरी ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि इसके पीछे सोची समझी रणनीति है। उन्होंने कहा कि उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।