अमेरिका: शिकागो में दीवाली को मिली आधिकारिक मान्यता, मेयर ब्रैंडन जॉनसन ने जारी किया घोषणापत्र
शिकागो के मेयर ब्रैंडन जॉनसन ने दीवाली को आधिकारिक मान्यता देते हुए एक घोषणापत्र जारी किया है, जिसमें निवासियों से शहर की विविध सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं का जश्न मनाने की अपील की गई है।

शिकागो में दीवाली को मिली आधिकारिक मान्यता (फाइल फोटो- newsonair)
HighLights
शिकागो मेयर ने दीवाली को आधिकारिक मान्यता दी, घोषणापत्र जारी।
विविध सांस्कृतिक परंपराओं का जश्न मनाने और एकता बढ़ाने की अपील।
मंदिर सुरक्षा, हेट क्राइम पर एफबीआई ने हिंदू समुदाय से चर्चा की।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। शिकागो के मेयर ब्रैंडन जानसन ने दीवाली को मान्यता देते हुए एक घोषणापत्र जारी किया है। उन्होंने शहर के निवासियों से अपील की है कि वे उन विविध सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं का जश्न मनाएं, जो हमारे मोहल्लों को समृद्ध बनाती हैं और शहर में एकता को बढ़ावा देती हैं।
जानसन ने सोमवार को यह घोषणापत्र जारी किया। उन्होंने कहा कि हिंदू और जैन समुदायों के लिए इस त्योहार का गहरा आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व है, जो इसे अपनी विशिष्ट रीति-रिवाजों और परंपराओं के अनुसार मनाते हैं।
शिकागो शहर को शामिल करने वाले कुक काउंटी के बोर्ड आफ कमिश्नर्स ने भी इसी तरह का एक घोषणापत्र जारी किया है।
यह घोषणापत्र, आरोरा स्थित श्री वेंकटेश्वर मंदिर में एक किशोर द्वारा की गई सामूहिक गोलीबारी (मास शूटिंग) की कोशिश के कुछ हफ्तों बाद आया है। पिछले हफ्ते, शिकागो में एफबीआइ फील्ड आफिस के अधिकारियों ने हिंदू समुदाय के सदस्यों से मुलाकात की।
इस चर्चा में मंदिर की सुरक्षा, हेट क्राइम (नफरत से प्रेरित अपराध) की रिपोर्टिंग, और पूजा स्थलों व त्योहारों के दौरान सतर्क रहने जैसे मुद्दों पर बात की गई।
हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन की कार्यकारी निदेशक सुहाग शुक्ला ने कहा, "हम आरोरा और नेपरविले पुलिस विभागों, और एफबीआइ के आभारी हैं कि उन्होंने हमारे साथ और 30 स्थानीय हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।" (समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)