राइफल हुई जाम तो सहकर्मी को किया फोन, शिकागो के हिंदू मंदिर में कैसे टला बड़ा नरसंहार; इनसाइड स्टोरी
शिकागो के ऑरोरा स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में एक बड़े नरसंहार की साजिश नाकाम हो गई। 19 साल के ...और पढ़ें

शिकागो में कैसे टला बड़ा नरसंहार?

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिका के शिकागो में हिंदू मंदिर पर एक बड़ा नरसंहार टल गया, जिसकी साजिश 19 साल के किशोर नव-नाजी श्वेत वर्चस्ववादी एलेक्जेंड्रोस पैपोराकिस ने रची थी। इस किशोर का इरादा शिकागो के ऑरोरा स्थिति सबसे बड़े हिंदू मंदिर श्री वेंकटेश्वर स्वामी (बालाजी) मंदिर में घुसकर नफरत के तहत भारतीय समुदाय के लोगों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाने का था।
हालांकि, किस्मत से मंदिर परिसर में हमला करते वक्त उसकी AR-स्टाइल राइफल जाम हो गई और वह वहां से भाग निकला। इसके बाद उसने अपने एक सहकर्मी को फोन करके अपनी नाकाम साजिश और बंदूक के जाम होने की सारी बातें बता दी।
उसके सहकर्मी ने जब इस घटना के बारे में सुनी तो तुरंत तत्परता दिखाई और इसकी सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस ने एलेक्जेंड्रोस पैपोराकिस दोबारा गोलीबारी करने से पहले पकड़ लिया।
पुलिस के हवाले से NBC शिकागो की रिपोर्ट के अनुसार, पैपोराकिस रविवार को पैलेटिन में अपनी मां के घर से ऑरोरा के एक मंदिर तक गया था, जहां उसका इरादा बड़ी संख्या में भारतीयों को मारने का था।
जब उसकी बंदूक नहीं चली और वह घर चला गया तो वह इंटरनेट पर यह सर्च करना शुरू किया कि बंदूक को कैसे ठीक किया जाए, और अपने एक सहकर्मी को फोन करके बताया कि वह बड़े पैमाने पर गोलीबारी करने की योजना बना रहा है। जिसके बाद उसके सहकर्मी ने इसकी जानकारी पुलिस को दी।
क्या करता है पैपोराकिस?
एलेक्जेंड्रोस पैपोराकिस पैलेटिन इलाके में टैको बेल में कैशियर का काम करता है, उसने ऑरोरा के एक हिंदू मंदिर में भारतीय लोगों पर बड़े पैमाने पर गोलीबारी करने की साजिश रची थी। पैपोराकिस का सटीक निशाना कौन सा स्थान था, इसकी अभी भी जांच चल रही है, लेकिन जांचकर्ताओं का मानना है कि वह दक्षिण-पश्चिमी उपनगर ऑरोरा के सबसे बड़े हिंदू मंदिर श्री वेंकटेश्वर स्वामी को निशाना बनाना चाहता था।
रविवार को करने वाला था बड़ा नरसंहार
रविवार के दिन इस मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ होती है, इसलिए उसने यहां हमले के लिए रविवार, 11 अक्टूबर का दिन छुना था। उसका मुख्य मकसद हिंदू पूजा स्थल को निशाना बनाकर हमला करना था।
जांचकर्ताओं के अनुसार, उसके घर की तलाशी के दौरान पुलिस को एक मॉडिफाइड AR-स्टाइल राइफल और 300 राउंड कारतूस मिले। इतनी मात्रा में कारतूस से राइफल की दस मैगजीन भरी जा सकती हैं। इसके अलावा, पुलिस को बॉडी आर्मर (सुरक्षा कवच), पेट्रोल के डिब्बे और कई स्वास्तिक चिह्न भी मिले।
