'समय पर कार्रवाई हुई...', अमेरिका में हिंदू मंदिर पर हमले की साजिश के आरोपी को पकड़ने पर भारत ने की US पुलिस की तारीफ
अमेरिका के शिकागो में एक हिंदू मंदिर पर बड़े नरसंहार की साजिश विफल हो गई, जब हमलावर की बंदूक जाम ...और पढ़ें

अमेरिका में हिंदू मंदिर पर हमले की साजिश का आरोपी पकड़ाया।
HighLights
शिकागो में हिंदू मंदिर पर नरसंहार की साजिश विफल हुई।
बंदूक जाम होने से आरोपी की योजना नाकाम रही।
भारतीय दूतावास ने अमेरिकी पुलिस की त्वरित कार्रवाई सराही।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका के शिकागो में हिंदू मंदिर पर बड़े पैमाने पर नरसंहार (मास शूटिंग) की साजिश उस वक्त विफल हो गई, जब बंदूकधारी की बंदूक जाम हो गई। इसके तुरंत बाद उसे गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, इस कार्रवाई के बीच शिकागो स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने अमेरिकी पुलिस द्वारा 19 वर्षीय आरोपी नव-नाजी संदिग्ध एलेक्जेंड्रोस पैपोराकिस की तुरंत गिरफ्तार करने की कार्रवाई की सराहना की है।
शिकागो में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने कहा, 'वाणिज्य दूतावास को इलिनोइस के ऑरोरा में एक पूजा स्थल को निशाना बनाने की नाकाम कोशिश के बारे में जानकारी है। हम पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हैं। हम इस नाकाम आतंकी साजिश के हर घटनाक्रम पर बारीकी से नजर बनाए हुए है और अमेरिका में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों के साथ लगातार संपर्क में है।'

11 अक्टूबर को करने वाला था बड़ा नरसंहार
जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी पापोरकिस 11 अक्टूबर को ही बड़े नरसंहार को अंजाम देने की फिराक में था। उसका मुख्य मकसद ऑरोरा क्षेत्र स्थित किसी हिंदू पूजा स्थल को निशाना बनाकर हमला करना था।
इस गंभीर साजिश का खुलासा होने के तुरंत बाद, पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी हिंदू मंदिरों और धार्मिक स्थलों से संपर्क साधा और उन्हें संभावित खतरे के प्रति सतर्क कर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश दिए।
कैसे विफल हुई साजिश?
अधिकारियों के अनुसार, उसने अपने सहकर्मी को बताया था कि वह शनिवार को शिकागो से लगभग 70 किलोमीटर दूर ऑरोरा में एक हिंदू मंदिर गया था और गोलीबारी करने की कोशिश की थी, लेकिन जैसे ही उसने ट्रिगर दबाने की कोशिश की, उसकी बंदूक जाम हो गई, जिससे उसकी पूरी साजिश विफल हो गई।
खुद को श्वेत वर्चस्ववादी और नव-नाजी बताने वाले आरोपी एलेक्जेंड्रॉस पापोरकिस को पुलिस ने उसके सहकर्मी से मिली गुप्त सूचना के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को आरोपी के घर से स्वचालित राइफल, सैकड़ों कारतूस और बॉडी आर्मर मिले हैं।
