बांग्लादेश की PM शेख हसीना को UN से मिला ये खास सम्मान, देश के लोगों को किया समर्पित
जिनेवा स्थित ग्लोबल अलायंस फॉर वैक्सीनेशन एंड इम्यूनाइजेशन (GAVI) बोर्ड के अध्यक्ष ने शेख हसीना को वैक्सीन हीरो पुरस्कार से सम्मानीत किया।
न्यूयॉर्क, पीटीआइ। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना (Bangladesh Prime Minister Sheikh Hasina) को संयुक्त राष्ट्र (UN) में 'वैक्सीन हीरो' पुरस्कार ('Vaccine Hero' award) से सम्मानित किया गया है। शेख हसीना को ये सम्मान देश में पोलियो, हैजा समेत विभिन्न रोगों को खत्म करने में उनकी भूमिका के लिए दिया गया है।
जिनेवा स्थित ग्लोबल अलायंस फॉर वैक्सीनेशन एंड इम्यूनाइजेशन (GAVI) ने अपने बयान में कहा कि हसीना को संयुक्त राष्ट्र महासभा के 74वें सत्र के मौके पर न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में एक समारोह के दौरान इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
जीएवीआइ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. नोज़ी ओकोन्ज़ो-इवेला ने शेख हसीना को पुरस्कार से सम्मानीत किया। 'वैक्सीन हीरो' पुरस्कार लेने के बाद उन्होंने इसे बांग्लादेश के लोगों को समर्पित कर दिया। शेख हसीना ने कहा कि मुझे जो पुरस्कार मिला, वह मेरा नहीं है। यह पुरस्कार बांग्लादेश के लोगों का है और मैंने यह पुरस्कार उन्हें समर्पित किया है।
इस दौरान शेख हसीना ने देशवासियों से टीकाकरण कार्यक्रम जारी रखने का आग्रह किया, ताकि उनके बच्चों को स्वस्थ रखा जा सके। उन्होंने कहा, 'स्वस्थ बच्चे देश को चलाएंगे और देश को आगे ले जाएंगे... एक स्वस्थ पीढ़ी आर्थिक विकास के लिए बहुत आवश्यक है।'