'मूर्खतापूर्ण उल्लंघन': ट्रंप ने ईरान को घेरा, जहाज पर ड्रोन हमले का लगाया सीधा आरोप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने जहाज पर हुए ड्रोन हमले के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराया और इसे समझौते का मूर्खतापूर्ण उल्लंघन बताया।

होर्मुज पर अड़ा ईरान तो ट्रंप ने जहाज पर हमले के लिए ठहराया जिम्मेदार (फोटो- रॉयटर)
HighLights
ईरान ने अमेरिका व छह खाड़ी देशों के बयान को गैर-जिम्मेदाराना बताया
चेतावनी दी, कहा- होर्मुज से सुरक्षित आवाजाही की नहीं दे सकते गारंटी
संयुक्त बयान में टोल वसूलने के ईरान के दावे को किया गया है खारिज
ट्रंप ने जहाज पर हमले को समझौते का मूर्खतापूर्ण उल्लंघन करार दिया
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच स्थायी शांति समझौते की राह में होर्मुज स्ट्रेट का मुद्दा रोड़ा बन सकता है, क्योंकि तेहरान इस महत्वपूर्ण जलमार्ग पर नियंत्रण के दावे पर अड़ा है। उसने शुक्रवार को होर्मुज से जहाजों की आवाजाही को नियंत्रित करने के अपने अधिकार को दोहराया और खाड़ी देशों को अमेरिका पक्ष लेने पर चेतावनी दी।
उसने यह मांग ऐसे समय दोहराई है, जब एक दिन पहले ओमान के समीप एक जहाज पर हमला हुआ, जिसे लेकर ईरान पर संदेह जताया गया। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने जहाज पर हुए ड्रोन हमले के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराया और इसे समझौते का मूर्खतापूर्ण उल्लंघन बताया।
रॉयटर के अनुसार, ईरान ने अमेरिका और छह खाड़ी देशों के एक संयुक्त बयान के जवाब में अपना यह अधिकार दोहराया और इस बयान को गैर-जिम्मेदाराना और उकसावे वाला करार दिया। अमेरिका और छह खाड़ी देशों ने संयुक्त बयान में ईरान के दावे को खारिज कर दिया है कि वह होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों से टोल वसूल सकता है।
ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि होर्मुज स्ट्रेट से सुरक्षित आवाजाही की गारंटी अस्पष्ट व्यवस्थाओं, समानांतर मार्गों या ऐसे फैसलों के तहत नहीं दी जा सकती, जिनमें तटीय देश के तौर पर ईरान की भूमिका को ध्यान में नहीं रखा गया हो।
इधर, ट्रंप ने शुक्रवार को इंटरनेट मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि एक ड्रोन जहाज के ऊपरी हिस्से टकराया, जिससे उसे नुकसान पहुंचा, लेकिन जहाज आगे बढ़ गया। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने तीन अन्य ड्रोन मार गिराए।
न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि खाड़ी में अमेरिकी सेना की मौजूदगी क्षेत्रीय असुरक्षा और बंटवारे की वजह है। होर्मुज का प्रबंधन तेहरान और ओमान को अंतरिम समझौते की शर्तों के अनुसार करना चाहिए। इधर, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम में गिरावट जारी है और यह 73 डालर प्रति बैरल से भी कम हो गया है।
एएनआई के मुताबिक, अमेरिका के साथ हुए अंतरिम समझौते के तहत ईरान ने एक संचार लाइन की स्थापना की है, जिसका मकसद ऐसी घटनाओं को रोकना है, जो सैन्य टकराव का रूप ले सकती हैं। इधर, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने गुरुवार को दावा किया कि ईरान को खाने-पीने की चीजों की कमी का सामना करना पड़ रहा है।
दुबई में मिसाइल हमले का गलती से अलर्ट
एपी के अनुसार, संयुक्त अरब अमीरात के अधिकारियों ने शुक्रवार को दुबई के लिए मिसाइल हमले का अलर्ट जारी किया। हालांकि कुछ देर बाद कहा कि यह अलर्ट तकनीकी गड़बड़ी के कारण गलती से जारी हो गया था।
आईएईए को ईरान में निरीक्षण की अनुमति
रॉयटर के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आइएईए) के प्रमुख राफेल मारियानो ग्रासी ने शुक्रवार को कहा कि अंतरिम समझौते के तहत एजेंसी के निरीक्षकों को ईरान में प्रवेश की अनुमति है। उम्मीद है कि वे जल्द वहां होंगे। इधर, ईरान ने संकेत दिया है कि अंतिम समझौते तक देश के प्रमुख परमाणु स्थलों तक किसी को जाने की अनुमति नहीं होगी।
