अमेरिका के विस्कॉन्सिन में तेज हुआ नस्लभेद विरोधी प्रदर्शन, प्रदर्शनकारियों ने सिटी सेंटर में लगाई आग
सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उन पुलिस अधिकारियों को बर्खास्त करने की मांग की है जिन पर ब्लैक को गोली मारने का आरोप है।
केनोशा, रायटर। सोमवार को पुलिस द्वारा एक अश्वेत जार्ज ब्लैक को गोली मारे जाने के बाद विस्कॉन्सिन के केनोशा शहर में हिंसा भड़क उठी है। कर्फ्यू तोड़कर सड़क पर उतरे प्रदर्शनकारियों ने जहां सिटी सेंटर को आग के हवाले कर दिया वहीं कई व्यापारिक प्रतिष्ठानों में भी आग लगा दी। सोशल मीडिया पर जारी तस्वीरों में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद सेंट्रल केनोशा के ऊपर से धुआं उठता दिखाई दे रहा है। केनोशा में लगभग एक लाख लोग रहते हैं। इसमें 12 फीसद अश्वेत हैं और 67 फीसद श्वेत हैं।
पुलिस हिरासत में जॉर्ज फ्लॉयड की मौत के लगभग तीन महीने बाद किसी अश्वेत को गोली मारे जाने की घटना सामने आई है। फ्लॉयड की मौत के बाद पूरे अमेरिका में नस्लभेद विरोधी प्रदर्शन हुए थे। जॉर्ज ब्लैक के पिता के मुताबिक ऑपरेशन के बाद उसकी हालत स्थिर है।
पुलिस अधिकारियों को बर्खास्त करने की मांग
सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उन पुलिस अधिकारियों को बर्खास्त करने की मांग की है, जिन पर ब्लैक को गोली मारने का आरोप है। फिलहाल इन अधिकारियों को छुट्टी पर भेजा गया है। दरअसल, जॉर्ज ब्लैक को गोली मारे जाने के विरोध में जब प्रदर्शन हुए तो शहर में कर्फ्यू लगा दिया। कर्फ्यू तोड़कर लोग सड़कों पर उतरे, लेकिन पुलिस ने कोई कदम नहीं उठाया। बात तब बिगड़ी जब कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के सामने पटाखे छुड़ाए और सरकारी और व्यापारिक इमारतों में आग लगा दी।
इसके बाद स्थानीय पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए ना केवल आंसू गैस के गोले छोड़े बल्कि रबर बुलेट और स्मोक बम का भी इस्तेमाल किया। सोशल मीडिया में चल रही तस्वीरों में प्रदर्शनकारियों में श्वेत और अश्वेत दोनों शामिल हैं। फोटो में कुछ अश्वेत बेसबॉल बैट हवा में लहराते हुए ट्रैफिक सिग्नल और स्ट्रीट लैंप तोड़ रहे हैं। इतना ही नहीं रास्ते में खड़ी कारों के शीशे भी तोड़ रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने बड़ी संख्या अश्वेतों के व्यापारिक प्रतिष्ठानों को अपना निशाना बनाया।