अमेरिका में और घातक हुआ फ्लोरेंस तूफान, 11 की मौत; मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका
अमेरिका के उत्तर कैरोलिना में आए फ्लोरेंस तूफान ने घातक रूप ले लिया है। ये भयानक तूफान अबतक 11 लोगों की जान ले चुका है।
वॉशिंगटन (एजेंसी)। अमेरिका के उत्तर कैरोलिना में आए 'फ्लोरेंस' तूफान ने घातक रूप ले लिया है। ये भयानक तूफान अबतक 11 लोगों की जान ले चुका है। उत्तर कैरोलिना में 10 और दक्षिण कैरोलिना में एक की जान गई है। शनिवार को नेवी, कोस्टगार्ड और वालंटियरों ने हेलिकॉप्टर, नाव और भारी वाहनों से पानी में फंसे सैकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया है।
बारिश ने तोड़ा 20 साल का रिकॉर्ड
तेज तूफान, मूसलधार बारिश और उफनती नदियों ने हालात को मुश्किल बना दिया है। वहीं,145 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। यहां बारिश ने 20 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। तूफान के चलते कैरोलिना में अब तक की सबसे भयंकर बाढ़ का खतरा बना हुआ है। हजारों लोगों को घर छोड़ने के आदेश दिए गए हैं। कई क्षेत्रों में भारी बाढ़ आने का आशंका जताई जा रही है, जबकि न्यू बर्न शहर में सैकड़ों लोगों को मदद की जरुरत है।
अबतक 11 की मौत, बढ़ सकता है आंकड़ा
उत्तर कैरोलिना के गवर्नर रॉय कूपर ने बताया कि न्यू हैनोवर काउंटी में एक घर पर पेड़ गिरने से मां-बच्चे की मौत हो गई। वहीं, बिजली के तारों को जोड़ने की कोशिश करते वक्त लेनोइर काउंटी में 78 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। यहां एक अन्य 77 वर्षीय व्यक्ति की भी जान चली गई। वहीं, हम्प्स्टेड शहर में कार्डियक अरेस्ट से एक महिला की मौत हो गई। वहीं, दक्षिण कैरोलिना में 62 वर्षीय महिला की कार पर पेड़ गिरने से मौत हो गई। इस बीच आशंका जताई जा रही है कि मरने वालों की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है। इस बीच मेयर डाना आउटलॉ ने बताया कि 400 लोगों को बचाया गया है। करीब 100 लोग और फंसे हैं, जिन्हें बचाने की कोशिश हो रही है। 1,200 लोग पहले से ही राहत शिविरों में पहुंच गए हैं। उन्होंने तूफान से 4,200 घरों के क्षतिग्रस्त होने की बात कही है।
व्हाइट हाउस का कहना है कि स्थिति सामान्य होने के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप तूफान प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे। ट्रंप ने ट्वीट करके बचावकर्मियों की तारीफ की है। नेशनल हरिकेन सेंटर (एनएचसी) के मुताबिक, तूफान की गति घटकर 80 किलोमीटर प्रति घंटा हो गई है। हालांकि खतरा अभी बरकरार है। नागरिकों को सतर्क रहने और बाहर नहीं निकलने का निर्देश दिया गया है। एनएचसी का कहना है कि फ्लोरेंस तूफान के कारण उत्तर और दक्षिण कैरोलिना में कुछ जगहों पर 40 इंच (एक मीटर) तक की भारी बारिश हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में बवंडर का भी खतरा है। उत्तर कैरोलिना, दक्षिण कैरोलिना और वर्जीनिया में करीब 17 लाख लोग तूफान और भयानक बाढ़ के खतरे की जद में हैं।