भीषण गर्मी के बीच अमेरिका ने मनाया आजादी का 250वां जश्न, कई कार्यक्रम रद
अमेरिका ने शनिवार को अपनी आजादी की 250वीं वर्षगांठ धूमधाम से मनाई, लेकिन इस ऐतिहासिक मौके पर सबसे बड़ी चर्चा समारोहों से ज्यादा भीषण गर्मी की रही।

भीषण गर्मी के बीच अमेरिका ने मनाया आजादी का 250वां जश्न (फोटो- रॉयटर)
HighLights
ईस्ट कोस्ट में रिकॉर्ड तापमान ने बिगाड़े समारोह, वाशिंगटन की स्वतंत्रता दिवस परेड भी रद
ट्रंप के संबोधन और भव्य आतिशबाजी के बावजूद हीटवेव बनी सबसे बड़ी चुनौती
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। अमेरिका ने शनिवार को अपनी आजादी की 250वीं वर्षगांठ धूमधाम से मनाई, लेकिन इस ऐतिहासिक मौके पर सबसे बड़ी चर्चा समारोहों से ज्यादा भीषण गर्मी की रही। पूर्वी और मध्य अमेरिकी राज्यों में रिकॉर्ड तापमान के कारण कई कार्यक्रमों में बदलाव करना पड़ा, जबकि कुछ आयोजन पूरी तरह रद कर दिए गए।
एपी के अनुसार, राजधानी वाशिंगटन में तापमान बेहद अधिक होने के कारण शुक्रवार दोपहर ग्रेट अमेरिकन स्टेट फेयर कई घंटों के लिए बंद करना पड़ा। वहीं, शनिवार को होने वाली राष्ट्रीय स्वतंत्रता दिवस परेड को खतरनाक गर्मी के चलते रद कर दिया गया।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी कि पूर्वी तट के कई हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया, जिससे लोगों को घरों से बाहर निकलने में परेशानी हुई।40 मिनट में साढ़े आठ लाख आतिशबाजी इसके बावजूद अमेरिका भर में स्वतंत्रता दिवस का उत्साह बरकरार रहा।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वाशिंगटन के नेशनल माल में लोगों को संबोधित किया, जबकि रात में देश की राजधानी में अब तक की सबसे बड़ी आतिशबाजी का आयोजन किया गया।
व्हाइट हाउस के अनुसार करीब 8.5 लाख आतिशबाजी सामग्री के इस्तेमाल से 40 मिनट तक चलने वाला भव्य प्रदर्शन किया गया।
इस मौके पर ट्रंप ने 11 लोगों को राष्ट्रपति क्षमादान दिया। इनमें वाशिंगटन के चर्चित लाबिस्ट जैक अब्रामाफ के पूर्व कारोबारी साझेदार के अलावा वाहन उत्सर्जन नियंत्रण प्रणाली से छेड़छाड़ के मामलों में दोषी ठहराए गए नौ लोग भी शामिल हैं।
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर बिना नाम बताए इन क्षमादानों की जानकारी दी। न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, देश के अन्य हिस्सों में भी जश्न जारी रहा।
न्यूयॉर्क में आधी रात को बाल ड्राप के साथ समारोह शुरू हुए, शिकागो के नेवी पियर पर आतिशबाजी हुई और लॉस एंजिलिस में गायिका क्वीन लतीफा की मेजबानी में संगीत कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं, रोड आइलैंड के ब्रिस्टल में 1785 से चली आ रही देश की सबसे पुरानी स्वतंत्रता दिवस परंपरा निभाई गई।
फिलाडेल्फिया में, शनिवार सुबह इंडिपेंडेंस नेशनल हिस्टोरिकल पार्क में सभी 50 राज्यों की महत्वपूर्ण वस्तुओं के संग्रह वाला एक टाइम कैप्सूल जमीन में दबाया गया। यह कैप्सूल 2276 में देश के 500वें जन्मदिन पर खोला जाएगा।
न्यूयॉर्क में, ऊंचे मस्तूल वाले जहाजों का एक बेड़ा हडसन नदी में आगे बढ़ने के लिए तैयार हुआ। इनमें से एक जहाज़ पर 22 जुलाई, 1776 का द बोस्टन गजट का एक अंक था, जिसमें डिक्लेरेशन ऑफ इंडिपेंडेंस (आजादी की घोषणा) का पूरा पाठ दोबारा छापा गया था।
हालांकि, पश्चिमी अमेरिका में मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहा। सिएटल और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश और 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास तापमान ने लोगों को राहत दी।इस बार का स्वतंत्रता दिवस ऐसे समय आया, जब अमेरिका राजनीतिक ध्रुवीकरण के दौर से गुजर रहा है।
इसके बावजूद देशभर में परेड, संगीत कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिताओं और आतिशबाजी के जरिए लोगों ने 250वें स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाया।
माउंट रशमोर से चार पूर्व राष्ट्रपतियों को श्रद्धांजलि
आईएएनएस के अनुसार, ट्रंप ने माउंट रशमोर से देश के चार महान पूर्व राष्ट्रपतियों—जार्ज वॉशिंगटन, थामस जेफरसन, अब्राहम लिंकन और थियोडोर रूजवेल्ट—को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि इन नेताओं ने अमेरिका की नींव मजबूत की और देश को आज की ऊंचाइयों तक पहुंचाने में निर्णायक भूमिका निभाई।
भारत में अमेरिकी राजदूत ने ट्रंप को बताया महानतम राष्ट्रपति
एएनआइ के अनुसार, भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के अवसर पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की जमकर सराहना की।
माउंट रशमोर में आयोजित समारोह में शामिल होने के बाद गोर ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर ट्रंप को महानतम राष्ट्रपति बताया। उन्होंने ट्रंप के भाषण का हवाला देते हुए लिखा कि अमेरिकी हर उस काम को पूरा कर दिखाते हैं, जिसे दुनिया असंभव मानती है।
