अमेरिका से भारत आने को तैयार 25,000 भारतीय, प्रथम चरण में सात उड़ानें टेक-ऑफ करेंगी
अमेरिका में भारतीय राजदूत तरनजीत सिंह संधू ने बताया कि 25000 भारतीयों को देश वापसी के लिए प्रत्यावर्तन उड़ानों के लिए पंजीकरण किया गया है।
वाशिंगटन, एजेंसी। कोरोना महामारी के बीच अमेरिका में फंसे भारतीय परिवारों के लिए यह खबर राहत भरी हो सकती है। अमेरिका में भारतीय राजदूत तरनजीत सिंह संधू ने बताया कि 25,000 भारतीयों को देश वापसी के लिए प्रत्यावर्तन उड़ानों के लिए पंजीकरण किया गया है। वह जल्द ही अपने वतन लौट सकेंगे। उन्होंने कहा कि अमेरिका से जाने के इच्छुक भारतीय नागरिकों को यहां से निकालने का काम जारी रहेगा।
प्रथम चरण में सात उड़ानें टेक-ऑफ करेंगी
एएनआई को दिए एक विशेष साक्षात्कार में संधू ने कहा कि पहले सप्ताह में 25,000 लोगों ने पंजीकरण कराया है। इन 25,000 लोगों के लिए उड़ाने सुनिश्वित कर ली गई हैं। प्रथम चरण में सात उड़ानें टेक-ऑफ करेंगी। उन्होंने कहा कि यह काम प्रगति पर है। संधू ने कहा कि इस बाबत भारत जाने की इच्छा रखने वाले भारतीय नागरिकों के लिए कई बातें मायने रखती है। मसलन, इच्छुक नागरिकों की स्थानीय स्थिति क्या है। उसकी चिकित्सकीय रिपोर्ट के क्या नतीजे आते हैं। उन्होंने कहा कि इसी आधार पर हम पहले सप्ताह के कार्यक्रम को आगे बढ़ाएंगे।
शनिवार को सैन फ्रांसिस्को से मुंबई और हैदराबाद से रवाना
पहली उड़ान शनिवार को सैन फ्रांसिस्को से मुंबई और हैदराबाद के लिए होगी। इसमें 200 यात्री सवार होंगे। 10 मई को, न्यूयॉर्क से एयर इंडिया का एक विमान जिसमें 300 यात्री सवार थे, मुंबई और अहमदाबाद आएंगे। 11 मई को शिकागो के यात्री मुंबई और चेन्नई में उतरेंगे। अंत में 12 मई को वाशिंगटन डीसी से दिल्ली और हैदराबाद के लिए उड़ान भरी जा सकती है। भारतीय राजदूत ने कहा कि मिशन वंदे भारत के तहत पहली उड़ान सैन फ्रांसिस्को से रवाना होगी। इसके बाद फिर हम चार अलग-अलग हबों से कुल सात उड़ानें भरने जा रहे हैं। ये सभी एयर इंडिया हब हैं, और ये भारत के विभिन्न शहरों में उड़ानें जा रही हैं।
यात्रा पर गृह मंत्रालय के निर्देशों का एक बहुत ही स्पष्ट
यात्रियों और फ्लाइट क्रू की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रोटोकॉल के बारे में उन्होंने आश्वासन दिया कि एयर इंडिया ने सभी आवश्यक सावधानी बरती है। उन्होंने कहा कि दूतावास यात्रा के संबंध में गृह मंत्रालय के निर्देशों के कार्यान्वयन को सुनिश्चित करेगा। राजदूत ने कहा कि यात्रा पर गृह मंत्रालय के निर्देशों का एक बहुत ही स्पष्ट है। इसे लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यात्रियों के उड़ान भरने से पहले चेक-अप किया जाएगा। राजदूत ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी लोगों के बीच शारीरिक दूरी के नियमों का पालन हो ताकि जहाज के भीतर भी सभी की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।