एयरपोर्ट की खिड़कियां टूटीं और फ्लाइट की लैंडिंग कैंसिल... लॉस एंजिल्स में 5.0 तीव्रता के भूकंप ने मचाई तबाही
दक्षिणी कैलिफोर्निया के तट पर 5.0 तीव्रता के भूकंप ने लॉस एंजिल्स को हिला दिया, जिससे हवाई अड्डे पर एक उड़ान रद करनी पड़ी और खिड़कियां टूट गईं।

अमेरिका में 5.0 की तीव्रता के भूकंप के बाद काफी नुकसान। (फोटो- सोशल मीडिया।)
HighLights
लॉस एंजिल्स में 5.0 तीव्रता के भूकंप ने मचाई तबाही।
हवाई अड्डे पर एक विमान की लैंडिंग रद्द करनी पड़ी।
भूकंप से कोई बड़ा नुकसान या चोट की खबर नहीं।
डिजिटल डेस्क, लॉस एंजिल्स। दक्षिणी कैलिफोर्निया के तट के पास शनिवार को 5.0 तीव्रता का भूकंप ने लॉस एंजिल्स में तबाही मचाई है। इलाके में खिड़कियां हिल गईं और शहर के हवाई अड्डे पर एक विमान को अपनी लैंडिंग रद करनी पड़ी।
यूएस जियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार, भूकंप का केंद्र लॉस एंजिल्स के पास स्थित मैनहट्टन बीच के तट से दूर था। इसके बाद कई झटके भी महसूस किए गए। भूकंप के कारण कारों के अलार्म बजने लगे, हवाई अड्डे की खिड़कियां टूट गईं और एक रिफाइनरी से धुआं निकलने लगा क्योंकि वहां स्वचालित सुरक्षा प्रणालियां सक्रिय हो गईं। हालांकि, किसी के घायल होने या बड़े नुकसान की कोई तत्काल खबर नहीं है।
फ्लाइट की लैंडिंग करनी पड़ी रद
कैलिफोर्निया के गवर्नर के ऑफिस ऑफ इमरजेंसी सर्विसेज ने फेसबुक पर कहा कि वे किसी भी तरह के असर का आकलन करने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। इसमें कहा गया, "भूकंप के बारे में पहले से कुछ नहीं कहा जा सकता, इसलिए झटकों के लिए तैयार रहें।"

इलाके के फुटेज के अनुसार, शुरुआती भूकंप के कारण लॉस एंजिल्स हवाई अड्डे के पास पहुंच रहे डेल्टा एयरलाइंस के एक विमान को अपनी लैंडिंग रद करनी पड़ी। विमान उतरने ही वाला था कि तभी भूकंप आ गया। ऐसे में रनवे पर दरार आने की आशंका को देखते हुए क्रू को विमान उतारने की प्रक्रिया रोकने का निर्देश दिया गया।
टर्मिनल की खिड़कियां टूटीं
शहर की मेयर कैरेन बास ने फॉक्स न्यूज से कहा, "ऐसा करना बिल्कुल सही था, क्योंकि जब तक रनवे की जांच नहीं हो जाती तब तक उन्हें कैसे पता चलता?" लॉस एंजिल्स हवाई अड्डे पर एक आफ्टरशॉक के कारण छत का एक सफेद पैनल गिर गया और वहां एक टर्मिनल की खिड़कियां भी टूट गईं।
मैरीलैंड की रहने वाली 27 वर्षीय वकील केना क्रेमर वॉशिंगटन स्थित अपने घर जाने के लिए फ्लाइट में सवार हो रही थीं। उन्होंने स्थानीय मीडिया को बताया, "लोग डरे हुए थे। एक महिला की हल्की सी चीख सुनाई दी और फिर सब शांत हो गए।"

शुरुआती झटकों के बाद दक्षिणी कैलिफोर्निया में शेवरॉन रिफाइनरी ने सिस्टम में संभावित खतरों से बचाव के लिए सेफ्टी फ्लेयरिंग (अतिरिक्त गैस को सुरक्षित रूप से जलाने की प्रक्रिया) शुरू की। कंपनी ने बताया कि आग और धुएं की रुक-रुक कर निकलने वाली लपटें नियंत्रण में थीं और इनसे आस-पास के लोगों के लिए कोई सुरक्षा जोखिम नहीं था।
लॉस एंजिल्स फायर डिपार्टमेंट (LAFD) ने बताया कि लॉस एंजिल्स शहर में बुनियादी ढांचे को कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा है और न ही किसी के घायल होने की सूचना है।
यह भी पढ़ें: अमेरिका में धरती कांपी: लॉस एंजिल्स में भूकंप के तेज झटके, घबराकर दुकानों और इमारतों से बाहर निकले निवासी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।