विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पेंटागन में एयर क्वालिटी अलर्ट से मचा हड़कंप, जांच में निकला फर्जी अलार्म

Published: Fri, 12 Jun 2026 06:53 AM (IST)

अमेरिका के रक्षा मुख्यालय पेंटागन में बुधवार को एयर क्वालिटी संबंधी चेतावनी के बाद कुछ समय के लिए हड़कंप मच ...और पढ़ें

पेंटागन में एयर क्वालिटी अलर्ट से मचा हड़कंप, जांच में निकला फर्जी अलार्म (फोटो- रॉयटर)

पेंटागन में एयर क्वालिटी अलर्ट से मचा हड़कंप, जांच में निकला फर्जी अलार्म (फोटो- रॉयटर)

HighLights

  1. संभावित खतरनाक पदार्थ की आशंका पर कुछ हिस्सों में शेल्टर-इन-प्लेस आदेश जारी

  2. जांच के बाद खतरा टला, सामान्य कामकाज बहाल, खराब सेंसर की वजह से बजा अलार्म 

रॉयटर, वाशिंगटन। अमेरिका के रक्षा मुख्यालय पेंटागन में बुधवार को एयर क्वालिटी संबंधी चेतावनी के बाद कुछ समय के लिए हड़कंप मच गया। संभावित खतरनाक पदार्थ के संपर्क की आशंका के चलते भवन के कुछ हिस्सों में कर्मचारियों को वहीं रुकने के निर्देश दिए गए। हालांकि बाद की जांच में यह अलार्म फर्जी निकला और किसी प्रकार का खतरा नहीं पाया गया।

अधिकारियों के अनुसार, वर्जीनिया के अर्लिंग्टन स्थित पेंटागन भवन के कुछ गलियारों में एहतियातन शेल्टर-इन-प्लेस आदेश लागू किया गया था।

कर्मचारियों को अपने स्थान पर ही रहने को कहा गया, जबकि विशेषज्ञों की टीमें यह पता लगाने में जुटीं कि कहीं कोई खतरनाक रसायन या अन्य पदार्थ तो मौजूद नहीं है। प्रारंभिक आशंका एक खराब सेंसर के कारण अलर्ट जारी होने की थी।

पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता सीन पार्नेल ने कहा कि संभावित वायु गुणवत्ता समस्या की सूचना मिलते ही सुरक्षा उपाय लागू किए गए थे।

विस्तृत जांच के बाद यह पुष्टि हुई कि कोई खतरा नहीं है और अब सभी गतिविधियां सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं। उन्होंने त्वरित कार्रवाई के लिए आपातकालीन सेवाओं और प्रथम प्रतिक्रिया दलों का आभार भी व्यक्त किया।

मॉल में उकेरे गए 8647 अंक, जांच में जुटीं अमेरिकी एजेंसियां

अमेरिका की आंतरिक मामलों के विभाग ने वाशिंगटन स्थित नेशनल माल परिसर में घास पर उकेरे गए रहस्यमय 8647 अंक की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने इसे सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटना बताते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

रॉयटर के एक फोटोग्राफर ने वाशिंगटन स्मारक से नेशनल माल के पास द्वितीय विश्व युद्ध स्मारक के निकट घास पर बड़े आकार में बने इन अंकों को देखा। इसके कुछ ही समय बाद अमेरिकी पार्क पुलिस और नेशनल गार्ड के जवान मौके पर पहुंच गए। हालांकि घास पर 8, 6 और 7 स्पष्ट दिखाई दे रहे थे, जबकि 4 का आकार पूरी तरह स्पष्ट नहीं था।

अमेरिका में 8647 को राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के विरोध से जोड़कर देखा जाता है। इसमें 86 का इस्तेमाल किसी व्यक्ति या चीज को हटाने अथवा बाहर करने के लिए किया जाता है, जबकि 47 ट्रंप के 47वें अमेरिकी राष्ट्रपति होने का संकेत माना जाता है।