विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमेरिकी चुनाव में पहली बार चुना गया मुस्लिम सीनेटर, मध्यावधि चुनावों में महिलाओं ने लिया बढ़चढ़कर हिस्सा

Published: Thu, 05 Nov 2026 02:00 AM (IST)

डेमोक्रेट अब्दुल अल-सईद ने मिशिगन के अमेरिकी सीनेट चुनाव में रिपब्लिकन माइक रोजर्स को हराकर सीनेट के लिए चुने गए पहले मुस्लिम अमेरिकी होने का गौरव हासिल किया।

अमेरिकी चुनाव में पहली बार चुना गया मुस्लिम सीनेटर (फोटो- रॉयटर)

अमेरिकी चुनाव में पहली बार चुना गया मुस्लिम सीनेटर (फोटो- रॉयटर)

HighLights

  1. इन चुनावों में महिलाओं की हिस्सेदारी में बढ़ोतरी भी दर्ज की गई

  2. 19 डेमोक्रेट और सात रिपब्लिकन महिलाओं ने गवर्नर पद के लिए चुनाव लड़ा

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। अमेरिका में हुए मध्यावधि चुनाव (मिड टर्म इलेक्शन) में कई निर्वाचन ऐसे हुए हैं जो अमेरिका या उस राज्य के इतिहास में पहली बार हैं।

इन नतीजों में अमेरिका के इतिहास में पहले मुस्लिम सीनेटर का निर्वाचन, पहली अश्वेत महिला गवर्नर, किसी राज्य का नेतृत्व करने वाली पहली मूल अमेरिकी महिला, टेक्सास की पहली लातिन गवर्नर और सीनेट के लिए घोषित समलैंगिक पुरुष का चुनाव शामिल है।

इसके अलावा इन चुनावों में महिलाओं की हिस्सेदारी में बढ़ोतरी भी दर्ज की गई। 19 डेमोक्रेट और सात रिपब्लिकन महिलाओं ने गवर्नर पद के लिए चुनाव लड़ा। मौजूदा सदस्यों समेत करीब 300 महिलाओं ने अमेरिकी सीनेट और प्रतिनिधि सभा की सीटों के लिए चुनाव लड़ा।

सीनेट में ऐतिहासिक उपलब्धियां

पहले मुस्लिम सीनेटर : डेमोक्रेट अब्दुल अल-सईद ने मिशिगन के अमेरिकी सीनेट चुनाव में रिपब्लिकन माइक रोजर्स को हराकर सीनेट के लिए चुने गए पहले मुस्लिम अमेरिकी होने का गौरव हासिल किया। उनकी जीत ऊपरी सदन में मुस्लिम अमेरिकियों के प्रतिनिधित्व के लिहाज से ऐतिहासिक उपलब्धि है।

एल-सईद को 53.34 प्रतिशत वोट मिले, जबकि रोजर्स को 44.90 प्रतिशत वोट मिले। मिशिगन में जन्मे महामारी विज्ञानी अल-सईद की अमेरिकी पहचान पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत रिपब्लिकन नेताओं ने सवाल उठाए थे और उन पर बहुत कट्टर होने का आरोप लगाया था।

पहली मूल अमेरिकी महिला सीनेटर : मिनेसोटा की लेफ्टिनेंट गवर्नर पेगी फ्लानगन अमेरिकी सीनेट के लिए चुनी जाने वाली पहली मूल अमेरिकी महिला बन गई हैं। 'व्हाइट अर्थ बैंड आफ ओजिब्वे' समुदाय की नागरिक फ्लानगन ने रिपब्लिकन मिशेल टाफोया को हराया। अगर टाफोया जीततीं तो वह लातिन मूल की पहली रिपब्लिकन महिला सीनेटर बनतीं।

1932 के बाद कंसास से पहली बार डेमोक्रेट बना सीनेटर : एडम हैमिल्टन की जीत के साथ कंसास में 1932 के बाद पहली बार किसी सीनेट चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी को जीत मिली है।

1988 के बाद टेक्सास से डेमोक्रेट सीनेटर : डेमोक्रेट जेम्स तालारिको ने टेक्सास का सीनेट चुनाव जीत लिया है। वह 1988 में लायड बेंटसन की जीत के बाद सीनेट में टेक्सास का प्रतिनिधित्व करने वाले पहले डेमोक्रेट हैं।

दक्षिण कैरोलीना से पहली महिला सीनेटर : डेमोक्रेट एनी एंड्रयूज दक्षिण कैरोलीना से अमेरिकी सीनेट के लिए चुनी जाने वाली पहली महिला बन गई हैं। उन्होंने रिपब्लिकन डार्लिन ग्राहम को हराया। ग्राहम को अपने भाई सीनेटर लिंडसे ग्राहम की मृत्यु के बाद प्रत्याशी बनाया गया था।

पहली बार घोषित तौर पर समलैंगिक पुरुष बना सीनेटर : डेमोक्रेट क्रिस पैपास ने न्यू हैम्पशायर से जीतकर सीनेट के लिए पहले घोषित तौर पर समलैंगिक पुरुष बनने का गौरव हासिल किया। उन्होंने रिपब्लिकन पार्टी के पूर्व सीनेटर जान ई. सुनुनू को हराया, जो कांग्रेस के दोनों सदनों के सदस्य रह चुके हैं।

इलिनोइस से दो अश्वेत महिला सीनेटर : डेमोक्रेट जुलियाना स्ट्रैटन ने इलिनोइस में रिपब्लिकन डान ट्रेसी को हराया। वह साथी डेमोक्रेट टैमी डकवर्थ के साथ सीनेट में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी। इलिनोइस ऐसा पहला राज्य बनेगा, जिसका प्रतिनिधित्व दो अश्वेत महिला सीनेटर करेंगी।

गवर्नर चुनावों में ऐतिहासिक उपलब्धियां 

पहली अश्वेत महिला गवर्नर : अटलांटा की पूर्व मेयर कीशा लांस बाटम्स अमेरिका के इतिहास में गवर्नर चुनी जाने वाली पहली अश्वेत महिला बन गई हैं। उन्होंने रिपब्लिकन कारोबारी रिक जैक्सन को हराया। उनकी जीत से जार्जिया में 1998 के बाद पहली बार गवर्नर पद डेमोक्रेट्स के पास गया है।

फ्लोरिडा के पहले अश्वेत रिपब्लिकन गवर्नर : रिपब्लिकन बायरन डोनाल्ड्स फ्लोरिडा के पहले अश्वेत गवर्नर बन गए हैं। उनकी जीत गवर्नर चुनाव लड़ने और जीतने वाले अश्वेत नेताओं की बढ़ती संख्या का भी हिस्सा है। मध्यावधि चुनाव से पहले पद पर काबिज एकमात्र अश्वेत गवर्नर, मैरीलैंड के गवर्नर वेस मूर भी दोबारा चुने गए हैं।

पहली मूल अमेरिकी महिला गवर्नर : डेमोक्रेट डेब हालैंड न्यू मेक्सिको में रिपब्लिकन ग्रेग हल को हराकर किसी अमेरिकी राज्य की गवर्नर चुनी जाने वाली पहली मूल अमेरिकी महिला बन गई हैं। वह 'लगुना पुएब्लो' समुदाय की हैं। हालैंड 2018 में कांग्रेस के लिए चुनी जाने वाली पहली दो मूल अमेरिकी महिलाओं में से एक बनी थीं। उन्होंने जो बाइडन प्रशासन में मंत्री के रूप में भी काम किया था।

टेक्सास की पहली लातिन गवर्नर : डेमोक्रेट जीना हिनोजोसा टेक्सास की गवर्नर चुनी जाने वाली पहली लातिन अमेरिकी बन गई हैं। उन्होंने मौजूदा रिपब्लिकन गवर्नर ग्रेग एबट को हराकर राज्य में तीन दशक से अधिक समय से चले आ रहे रिपब्लिकन शासन का अंत किया। 1995 के बाद वह टेक्सास का नेतृत्व करने वाली पहली महिला भी होंगी।

मिनेसोटा की पहली महिला गवर्नर : डेमोक्रेट एमी क्लोबुशर ने मिनेसोटा का गवर्नर चुनाव जीतकर राज्य की पहली महिला गवर्नर बनने का गौरव हासिल किया। उन्होंने मिनेसोटा प्रतिनिधि सभा की पूर्व अध्यक्ष लीसा डिमथ को हराया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।