सौर मंडल के सुदूर पिंड की हुई खोज, सूर्य और पृथ्वी के बीच की दूरी से 120 गुना अधिक है दूरी
पृथ्वी और सूर्य की दूरी से 120 गुना अधिक दूर होने के कारण इसे फॉर आउट नाम भी दिया गया है।
वाशिंगटन, प्रेट्र। वैज्ञानिकों ने सूर्य से पृथ्वी की दूरी से सौ गुना से भी अधिक दूरी पर स्थित एक खगोलीय पिंड खोजा है। यह सौर मंडल का अब तक का सुदूर पिंड है। कार्नेगी इंस्टीट्यूशन फॉर साइंस के स्कॉट एस सेप्पर्ड, यूनिवर्सिटी ऑफ हवाई के डेविड थॉलेन और नार्दन एरिजोना यूनिवर्सिटी के चैड ट्रुजिलो द्वारा खोजे गए इस पिंड का नाम '2018 वीजी18' रखा गया है।
पृथ्वी और सूर्य की दूरी से 120 गुना अधिक दूर होने के कारण इसे 'फॉर आउट' नाम भी दिया गया है। इसके बाद सौर मंडल के दूसरे सबसे दूर पिंड एरिस पृथ्वी व सूर्य के बीच की दूरी से 96 गुना अधिक दूरी पर मौजूद है। 'फॉर आउट' की खोज प्लेनेट एक्स समेत सौर मंडल के आखिरी छोर पर मौजूद पिंडों की खोज के मिशन का हिस्सा है। प्लेनेट एक्स को सौर मंडल का नौवां ग्रह भी माना जाता है। वैज्ञानिकों का कहना है कि इन पिंडों के अध्ययन से सौर मंडल के बाहरी किनारों पर होने वाले क्रियाकलापों का पता चल सकता है।
अत्यधिक दूरी के कारण अभी 2018 वीजी18 की कक्षा का पता नहीं चल सका है। दूर होने के कारण यह काफी धीमी गति से घूम रहा है, इसलिए इसकी कक्षा का पता लगाने में कुछ सालों का समय लग सकता है। वैज्ञानिकों का अनुमान है कि यह करीब एक हजार साल में सूर्य की परिक्रमा पूरी करता है।
बहुतायत में हो सकती है बर्फ
खगोलविदों ने चिली में मौजूद मैगेलन टेलीस्कोप की मदद से 2018 वीजी18 का अध्ययन किया था। उनके मुताबिक, इसका व्यास 500 किलोमीटर तक हो सकता है। गोलाकार और छोटा ग्रह हो सकने वाले इस पिंड का रंग गुलाबी है। आमतौर पर गुलाबी रंग वाले पिंडों पर बर्फ बहुतायत मात्रा में होती है।