स्पेन में एक दिन में 674 की मौत, संक्रमण रोकने को तुर्की ने अनिवार्य किया फेस मास्क का इस्तेमाल
स्पेन में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस से 674 लोगों की मौत हो गई है जबकि दुनियाभर में कोरोना से संक्रमित होने वालों की संख्या 11.9 लाख से अधिक हो गई है...
मैड्रिड/वाशिंगटन, एजेंसियां। स्पेन में कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्पेन में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस से 674 लोगों की मौत हो गई है जिसके साथ देश में मरने वालों का आंकड़ा 12,418 पर पहुंच गया है। देश के स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक, संक्रमितों की संख्या में 4.8 फीसद बढ़कर 130,759 पर पहुंच गई है। वहीं समाचार एजेंसी रॉयटर के मुताबिक दुनियाभर में कोरोना से संक्रमित होने वालों की संख्या 12,06,480 हो गई है जबकि अब तक 65,272 लोग इस महामारी से जान गवां चुके हैं। हालांकि, दुनियाभर में अब तक 233,300 लोग ठीक भी हो चुके हैं।
तुर्की ने अनिवार्य किया फेस मास्क का प्रयोग
समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक, मुल्क में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए तुर्की की सरकार ने शनिवार से कई नए नियम लागू किए। राष्ट्रपति रेसेप तैय्यप एर्दोगन ने एलान किया है कि अब कोई भी व्यक्ति बिना मास्क लगाए घर से बाहर न निकले। देश की व्यावसायिक राजधानी इस्तांबुल समेत 31 शहरों में वाहनों की आवाजाही पर अगले 15 दिनों के लिए रोक लगा दी गई है। सरकार 20 वर्ष से कम और 65 वर्ष से ज्यादा उम्र वालों के बाहर निकलने पर पहले ही रोक लगा चुकी है। देश का व्यस्त ट्राम परिवहन भी सोमवार से बंद रहेगा।
अमेरिका पर चोरी के आरोप
जर्मनी और फ्रांस ने अमेरिका पर उनके लिए बनाए गए लाखों फेस मास्क और सुरक्षात्मक गीयर जब्त करने का आरोप लगाया है। दोनों देशों ने इसे 'आधुनिक चोरी' की संज्ञा दी है। इससे पहले फ्रांस ने अमेरिका पर चीन में उसके लिए बनाए जा रहे मास्क को खरीदने का आरोप लगाया था। वहीं इटली में पहली बार आइसीयू में भर्ती मरीजों की संख्या में कमी आई है। शनिवार को कोरोना वायरस से 681 लोगों की मौत हो गई। इटली में अब तक 15 हजार से ज्यादा मौत हो चुकी हैं जबकि संक्रमित मरीजों की संख्या एक लाख 24 हजार हो गई है। इटली में 3.3 फीसद की दर से संक्रमण फैल रहा है।
नब्बे हजार पहुंची जर्मनी में संक्रमित लोगों की संख्या
जर्मनी में संक्रमित लोगों की संख्या 89,300 हो गई है जबकि 1250 लोगों की मौत हुई है। शनिवार को वहां पर 147 लोगों की मौत हुई जबकि संक्रमण के 5,600 नए मामले दर्ज किए गए। वहीं स्पेन में 774 और लोगों की मौत स्पेन में पिछले चौबीस घंटों में 774 लोगों की मौत हुई है। इस तरह मरने वालों की कुल संख्या 12,418 हो गई है। 6,023 लोगों का टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद संक्रमित लोगों की कुल तादाद 130,759 हो गई है। अमेरिका के बाद विश्व में सबसे ज्यादा स्पेन में लोग संक्रमित हैं। तीसरे नंबर पर इटली है। स्पेन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि 38,080 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 58,744 लोग अभी भी अस्पताल में हैं। 6,800 लोगों का आइसीयू में इलाज चल रहा है।
ईरान में लागू होगी स्मार्ट डिस्टेंसिंग
ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी ने कहा कि फिजिकल डिस्टेंसिंग के अच्छे परिणाम सामने आने के बाद अब देश में संक्रमण को रोकने के लिए 'स्मार्ट डिस्टेंसिंग' योजना को लागू किया जाएगा। ईरान में महामारी से 3,603 लोगों की मौत हो चुकी थी जबकि 58,226 लोग संक्रमित हैं। जापान की राजधानी टोक्यो में संक्रमण के 143 नए मामले सामने आए हैं। यह एक दिन में संक्रमित होने वाले लोगों की सर्वाधिक संख्या है। इस तरह टोक्यो में संक्रमित लोगों की संख्या का आंक़़डा एक हजार को पार कर गया है। पूरे देश की बात करें तो जापान में शुक्रवार तक 73 लोगों की मौत हुई जबकि तीन हजार से अधिक लोग संक्रमित हैं।
वुहान में सामान्य हो रहे हालात
वुहान में स्थितियां धीरे-धीरे सामान्य हो रही हैं। वुहान के नौ इलाकों को 'लो रिस्क' घोषिषत कर दिया गया जबकि चार अन्य इलाकों को 'मीडियम रिस्क' वाला घोषित किया गया है। 5.6 करोकी आबादी वाले हुबेई प्रांत का अब कोई भी जिला 'हाई रिस्क' की श्रेणी में नहीं है। वहीं चीन में संक्रमण के 30 नए मामले सामने आए हैं। इसमें स्थानीय संक्रमण के पांच मामले शामिल हैं। 47 दूसरे लोग भी संक्रमित मिले हैं, लेकिन उनमें लक्षण नहीं दिखाई दे रहे हैं। बिना लक्षण वाले 1,024 लोग अभी भी डॉक्टरों की निगरानी में हैं। इनमें से 244 विदेशी हैं। शनिवार को चीन में कोरोना से तीन और लोगों की मौत हो गई है।
चीन में 1,376 मरीजों का चल रहा इलाज
चीन में महामारी से मरने वालों की तादाद 3,329 हो गई है। संक्रमित लोगों की बात करें तो इनकी संख्या 81,669 है। इनमें से 1,376 मरीजों का इलाज चल रहा जबकि 76,964 लोगों को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। चीन सरकार के निर्धारित मानदंडों के अनुसार जिन इलाकों में पिछले 14 दिनों में संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया है, उन्हें लो रिस्क वाला घोषित किया गया है जबकि जिन इलाकों में 50 से कम संक्रमण के मामले दर्ज किए गए हैं उन्हें मीडियम रिस्क के तौर पर वर्गीकृत किया गया है।
देश मौतें संक्रमित
इटली 15,362-124,632
स्पेन 12,418-130,759
अमेरिका 8,454-311,637
फ्रांस 7560-89,953
ईरान 3603-58,226
चीन 3,329-81,669
ब्रिटेन 4313-41,903
पाकिस्तान में अब तक 45 की मौत
पाकिस्तान में कोरोना वायरस के मामले बढ़ कर 2,880 हो गए हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा मंत्रालय के मुताबिक, देश में अब तक 45 लोगों की जान जा चुकी है जबकि 130 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। पंजाब में 1,163 मामले सामने आए हैं जबकि सिंध में 864, खैबर-पखतूनख्वा में 372, बलुचिस्तान में 185, गिलगिट-बाल्टीस्तान में 206, इस्लामाबाद में 78 और पीओके में 12 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। वहीं बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने कोरोना वायरस के चलते देश की अर्थव्यवस्था पर पड़े प्रतिकूल असर से निपटने के लिए 72,750 करोड़ टका के आर्थिक पैकेज की घोषणा की।