ब्रिटेन में 28 हजार से ज्यादा की मौत, अमेरिका में हालात अभी भी खराब, जानें बाकी मुल्कों का हाल
स्पेन के लोगों ने सात हफ्ते के सख्त लॉकडाउन के बाद शनिवार को खुली हवा में सांस ली। वहीं रूस में संक्रमण के आठ हजार नए मामले सामने आए हैं। जानें बाकी मुल्कों के हालात...
बर्सिलोना, एजेंसियां। लंदन, एजेंसियां। कोरोना संक्रमण से दुनिया में अब तक 2,40,066 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि संक्रमण के 3,373,602 मामले सामने आए हैं। यूरोप में इटली के बाद कोरोना वायरस के ब्रिटेन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। शनिवार को ब्रिटेन में मरने वालों का आंकड़ा 28 हजार को पार कर 28,131 पर पहुंच गई। ब्रिटेन में अब तक 1,82,260 लोग संक्रमित हुए हैं। यूरोप में इससे ज्यादा सिर्फ इटली में ही 28,710 मौतें हुई हैं और 2,09,328 संक्रमित हुए हैं। इटली में अब धीरे-धीरे स्थिति में सुधार हो रहा है और वहां अगले हफ्ते से पाबंदियों में कुछ रियायत भी दी जाने वाली है।
अमेरिका में हालात अभी भी खराब
दुनिया में कोरोना महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित अमेरिका हुआ है। अमेरिका में रोज हजारों नए मामले सामने आ रहे हैं और बड़ी संख्या में लोगों की जान भी जा रही है। पिछले चौबीस घंटे में 868 लोगों की जान चली गई। अब तक 66 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और 11 लाख 46 हजार से ज्यादा संक्रमित हुए हैं।
फ्रांस में 24 घंटे में 166 की मौत
फ्रांस में हालात नियंत्रण में नजर आ रहा है। पिछले चौबीस घंटे में 166 लोगों की मौत हुई है और मृतकों की संख्या 24,707 पर पहुंच गई है। अगर पूरी दुनिया की बात करें तो इस महामारी ने अब तक 2,43,005 लोगों की जान ले ली है और 34 लाख 55 हजार से ज्यादा संक्रमित हुए हैं। 11 लाख से ज्यादा लोग अब तक पूरी तरह ठीक भी हुए हैं।
स्पेन में 50 दिन बाद लोगों ने ली खुली हवा में सांस
सात हफ्ते के सख्त लॉकडाउन के बाद शनिवार को स्पेन के लोगों ने खुली हवा में सांस ली। नियमित व्यायाम के लिए बाहर निकले लोगों से ना केवल सड़कें गुलजार रहीं बल्कि मैड्रिड के समुद्र तटों पर भी काफी भीड़भाड़ देखी गई। बता दें कि स्पेन में 14 मार्च से लॉकडाउन की शुरुआत हुई थी। लॉकडाउन से छूट के बाद जहां हजारों लोग व्यायाम करने निकले वहीं कुछ लोगों का मानना है कि सरकार ने जल्दबाजी में निर्णय लिया है और इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं।
स्पेन में 25 हजार से ज्यादा की मौत
स्पेन में पिछले चौबीस घंटे में 276 और लोगों की मौत हुई है। इस तरह महामारी से मरने वालों की संख्या 25,100 हो गई है। संक्रमण के 1,147 नए मामलों का भी पता चला है। इस तरह संक्रमित लोगों की तादाद 245,567 हो गई है। स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने ट्वीट में कहा, 'हम लॉकडाउन से छूट देकर एक नया कदम उठा रहे हैं, लेकिन हमें इस दौरान सावधानी बरतने की जरूरत है। वायरस का खतरा अभी कम नहीं हुआ है। स्वच्छता और शारीरिक दूरी के दिशानिर्देशों का हमें सम्मान करना चाहिए।'
10 मार्च के बाद ईरान में संक्रमण के सबसे कम मामले
पिछले चौबीस घंटे के दौरान ईरान में संक्रमण के 802 मामले दर्ज किए गए हैं। संक्रमित मरीजों की बात करें तो यह आंकड़ा 10 मार्च के बाद सबसे कम है। देश में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 96,448 हो गई है। पिछले चौबीस घंटे में 65 और लोगों की मौत हुई है। इससे देश में मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 6,156 हो गया है। ईरान के उप स्वास्थ्य मंत्री ने चेतावनी दी है कि संक्रमण के मामलों में कमी क्षणिक है और शारीरिक दूर और स्वच्छता जैसे उपायों का पालन नहीं किया गया तो देश को फिर से गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
रूस में लगभग आठ हजार संक्रमण के नए मामले
रूस में संक्रमण के 7,993 मामले सामने आए हैं। इस तरह वहां संक्रमित लोगों की तादाद 124,054 हो गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह संख्या ज्यादा भी हो सकती है, क्योंकि ना तो हर किसी का टेस्ट किया जा रहा है और जो टेस्ट हो भी रहें हैं, उनकी प्रमाणिकता 70 से 80 फीसद ही है। दक्षिण कोरिया में संक्रमण के छह नए मामले सामने आए हैं।
पाकिस्तान में 32 और लोगों की मौत
पाकिस्तान में पिछले चौबीस घंटे में 1,297 संक्रमण के नए मामले सामने आए हैं। यह आंकड़ा एक दिन में संक्रमित होने वाले मरीजों की सर्वाधिक संख्या है। इस तरह देश में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 18,114 हो गई है। पिछले चौबीस घंटे में 32 और लोगों की मौत हुई है। इस तरह देश में मरने वालों की कुल संख्या 417 हो गई है। संक्रमित मरीजों की संख्या पर अधिकारियों का कहना है कि ज्यादा टेस्टिंग के चलते आंकड़े बढ़े हैं।
देश मौतें संक्रमित
अमेरिका 66,621-11,46,766
इटली 28,710-2,09,328
ब्रिटेन 28,131-1,82,260
स्पेन 25,100-245,567
फ्रांस 24,707-167,346
बेल्जियम 7,765-49,517
जर्मनी 6,736-164,077
ईरान 6,156-96,448
ब्राजील 6,434-92,630
चीन 4,633-82,875
रूस 1,222-124,054