'ईरान ने हमें 10 तेल टैंकर गिफ्ट किए, सभी पर पाकिस्तानी झंडा', ट्रंप का दावा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान ने वार्ता में सद्भावना दिखाते हुए होर्मुज जलडमरूमध्य से 10 तेल टैंकरों को गुजरने की अनुमति दी है।

'ईरान ने हमें 10 तेल टैंकर गिफ्ट किए- ट्रंप का दावा (फोटो- रॉयटर)
HighLights
व्हाइट हाउस में दावा- पहले आठ जहाजों की बात थी, अंतत: 10 टैंकरों को मिली अनुमति
परमाणु समझौते और समुद्री मार्ग खोलने पर दबाव के बीच आया बयान
रॉयटर, वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान ने वार्ता में सद्भावना दिखाते हुए होर्मुज जलडमरूमध्य से 10 तेल टैंकरों को गुजरने की अनुमति दी है।
व्हाइट हाउस में कैबिनेट बैठक के दौरान ट्रंप ने कहा कि ईरान ने पहले आठ बड़े तेल जहाजों को रास्ता देने की बात कही थी, लेकिन अंतत: 10 टैंकरों को गुजरने दिया गया।
ट्रंप ने इसे अमेरिका के लिए “बड़ा उपहार'' बताते हुए कहा कि यह ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण रियायत है। उनके अनुसार ये जहाज संभवत: पाकिस्तानी ध्वज वाले थे, हालांकि व्हाइट हाउस ने जहाजों की पहचान या गंतव्य पर तत्काल कोई आधिकारिक विवरण नहीं दिया।
इससे पहले ट्रंप ने कहा था कि ईरान ने अमेरिका को “बहुत बड़ी कीमत वाला उपहार'' दिया है, लेकिन तब उन्होंने उसका विवरण नहीं बताया था। अब माना जा रहा है कि उनका संकेत इन्हीं तेल टैंकरों की सुरक्षित आवाजाही की ओर था।
परमाणु हथियार वाला ईरान 'कैंसर', उसे काटना जरूरी
एएनआई के अनुसार, ट्रंप ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई को उचित ठहराते हुए कहा कि परमाणु हथियार हासिल करने की उसकी क्षमता 'कैंसर' थी, जिसे समाप्त करना जरूरी था। ट्रंप ने कहा कि पिछले 47 वर्षों में किसी अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह कदम उठाने का साहस नहीं किया।
उन्होंने कहा, “हमें कैंसर को काटकर निकालना पड़ा। वह कैंसर परमाणु हथियार वाला ईरान था, और हमने उसे काट दिया है, अब इसे पूरी तरह खत्म करेंगे।''
