यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 17, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
उत्तर दिनाजपुर में चाय फैक्ट्री ने अचानक लगा दी बंद होने की सूचना, मजदूरों को रोजी-रोटी का संकट
न्यूलीफ प्लांटेशन प्राइवेट लिमिटेड चाय फैक्ट्री ने सुबह-सवेरे अचानक फैक्ट्री बंद करने की सूचना लगा दी। इससे फैक्ट्री के 50-60 मजदूरों के समक्ष रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। फैक्ट्री चोपड़ा ब्लॉक के ग्राम पंचायत अंतर्गत चालुयागगछ इलाके में है।

उत्तर दिनाजपुर, जागरण संवाददाता। न्यूलीफ प्लांटेशन प्राइवेट लिमिटेड चाय फैक्ट्री ने सुबह-सवेरे अचानक फैक्ट्री बंद करने की सूचना लगा दी। इससे फैक्ट्री के 50-60 मजदूरों के समक्ष रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। न्यूलीफ प्लांटेशनप्राइवेट लिमिटेड के गेट पर फैक्ट्री बंद करने की सूचना देख चोपड़ा ब्लॉक के ग्राम पंचायत अंतर्गत चालुयागगछ इलाके में सनसनी फ़ैल गई। फैक्ट्री के मजदूर मालिक के इस एकाएक फैसले से हैरान-परेशान हैं।
रात में फैक्ट्री पक्ष और मजदूरों में हुआ विवाद
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक फैक्ट्री में दो शिफ्ट में काम चल रहा था। क्षेत्र के लोग दिन में काम करते थे लेकिन मालिक रात की पाली में बाहर से मजदूरों को लाते थे। स्थानीय लोगों ने मांग की कि मजदूरों को रात की पाली में बिना बताए बाहर से लाया जाए। मालिक के अचानक लिए गए फैसले से चाय कर्मी नाराज हैं। स्थानीय ग्राम पंचायत प्रधान ने कहा कि लंबे समय तक मालिक इस कारखाने में श्रमिकों को काम पर लगाते थे लेकिन कोई सुविधा नहीं देते थे इसलिए स्थानीय नेताओं ने जाकर मालिकों से चर्चा की और अलग-अलग समय पर विभिन्न सुविधाएं प्राप्त करवाएं है। गत रात फैक्ट्री पक्ष और मजदूरों में विवाद होने के बाद सुबह फैक्ट्री बंद होने के नोटिस टांग दिया है।
फैक्ट्री घाटा में चलने का दावा
फैक्ट्री मालिक का दावा है कि फैक्ट्री शुरू से ही घाटे में चल रही है इसलिए उन्होंने फैक्ट्री बंद करने का नोटिस दिया है । मजदूरों का कहना है कि फैक्ट्री को अचानक बंद करने और मालिक के इस फैसले से वह लोग भूखे ही जाएंगे। स्थानीय INTTUC नेतृत्व ने मालिकों को इस मुद्दे को हल करने के लिए बैठने की पेशकश की है, अब यह देखना बाकी है कि मालिक क्या कदम उठाते हैं।