सिलीगुड़ी में रहस्यमयी हालात में जवान बेटी की मौत, मां लापता; पैसे के लेनदेन से जुड़ा है मामला
सिलीगुड़ी के डाबग्राम में एक 22 वर्षीय युवती तनीषा घोष की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई है, जिसके बाद से उसकी मां लापता है।

एआई इमेज।
HighLights
सिलीगुड़ी में 22 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत।
घटना के बाद से युवती की मां दीपशिखा घोष लापता।
परिवार ने वित्तीय लेनदेन को मौत का कारण बताया, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। वार्ड नंबर 23 के डाबग्राम इलाके में गुरुवार की देर रात युवती की रहस्यमयी मौत का मामला सामने आया। घटना के बाद से युवती की मां लापता है।
मामला आर्थिक लेनदेन से जुड़ा बताया जा रहा है। परिवार के सदस्यों ने युवती की मौत के लिए उसकी मां और एक अन्य महिला को जिम्मेदार ठहराया है।
पुलिस ने शव को मेडिकल कॉलेज भेजा
शुक्रवार को सिलीगुड़ी थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज में भेज दिया। मृतका की पहचान तनीषा घोष (22) के रूप में हुई है। पुलिस युवती की मां दीपशिखा घोष का पता लगाने में जुटी हुई है।
लोन ना चुकाने था दबाव
मृतका के बड़े भाई दीपंकर घोष ने बताया कि उनकी मां की पड़ोस में रहने वाली पलासी दास नामक महिला से काफी घनिष्ठता थी। पलासी के लिए उनकी मां ने अपने नाम पर बैंक से साढ़े चार से पांच लाख रुपये का लोन भी लिया था। आरोप है कि महिला लोन की रकम नहीं चुका रही थी, जिसके चलते रिकवरी एजेंट उनके घर पहुंचने लगे थे। इससे उनकी मां और बहन मानसिक दबाव में थीं।
कंबल हटाते ही उड़ गए होश
दीपंकर के अनुसार गुरुवार रात भी उक्त महिला उनके घर आई थी, मां के कमरे में जाकर बातचीत करने लगी। वह भी किसी काम से घर से बाहर निकले हुए थे। रात करीब 10 बजे उनकी दादी ने फोन किया। घर पहुंचने पर पता चला कि मां उक्त महिला के साथ काफी देर पहले बाहर चली गई थीं। इसके बाद वह बहन के कमरे में गए, जहां तनीषा कंबल ओढ़कर सोई हुई थी। उसे जगाने के लिए जैसे ही उन्होंने कंबल हटाया, वह हक्के-बक्के रह गए।
घटना के बाद से मां लापता
बहन की नाक से झाग निकल रहा था और होंठ काले पड़ गए थे। आनन-फानन में वह बहन को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से उनकी मां लापता हैं। दीपंकर ने आरोप लगाया कि उनकी मां और उक्त महिला ने मिलकर बहन के साथ कुछ किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।