सिलीगुड़ी में फिल्मी अंदाज में फरार शातिर लुटेरा, बाथरूम की खिड़की तोड़ पाइप से उतर भागा 10 करोड़ की डकैती का आरोपी
सिलीगुड़ी में 10 करोड़ रुपये की डकैती का आरोपी कर्नाटक पुलिस की हिरासत से फरार हो गया।

कर्नाटक ले जाने के पूर्व आरोपित को होटल में लेकर रुकी थी पुलिस। (फोटो-जागरण)
HighLights
10 करोड़ की डकैती का आरोपी पुलिस हिरासत से भागा।
आरोपी सुजन लकंदारी सिलीगुड़ी के होटल से फरार हुआ।
शौचालय की खिड़की तोड़ पाइप के सहारे नीचे उतरा।
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। 10 करोड़ रुपये की डकैती मामले में गिरफ्तार आरोपी कर्नाटक पुलिस की हिरासत से फरार हो गया। बुधवार सुबह सिलीगुड़ी जंक्शन इलाके में हुई इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
कर्नाटक पुलिस आरोपी को राज्य ले जाने से पहले होटल में ठहराए हुए थी। घटना को लेकर कर्नाटक पुलिस ने सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के प्रधान नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
कर्नाटक के मैसूर जिले के हुनासुर टाउन थाने की पुलिस ने गत वर्ष हुई डकैती की घटना में शामिल सुजन लकंदारी उर्फ संतोष बकार्डी को माटीगाड़ा इलाके से गिरफ्तार किया था।
मंगलवार को अदालत में पेश करने के बाद उसे कर्नाटक ले जाने के लिए पांच दिनों की ट्रांजिट रिमांड मिली थी। बुधवार को पुलिस उसे लेकर कर्नाटक रवाना होने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद आरोपी को थाने में सुरक्षित रखने के बजाय पुलिस उसे होटल में ठहराने ले गई थी। वह रातभर जंक्शन इलाके के एक होटल के कमरे में पुलिस के साथ रहा।
बुधवार सुबह करीब 8:45 बजे आरोपी शौचालय जाने के बहाने अंदर गया और खिड़की तोड़कर पाइप के सहारे इमारत से नीचे उतरकर फरार हो गया।
काफी देर तक आरोपी के शौचालय से बाहर नहीं आने पर पुलिसकर्मियों को शक हुआ। कमरे में जाकर देखा तो वह गायब था। होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में उसके फरार होने की पूरी घटना रिकार्ड हुई है।
कर्नाटक पुलिस की सूचना पर प्रधान नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज संग्रह किया। अब शिकायत के आधार पर प्रधान नगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।