विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: कहीं गंदगी का अंबार तो कहीं पानी नहीं, सिलीगुड़ी में सार्वजनिक शौचालयों का बुरा हाल

Published: Wed, 18 Nov 2026 10:00 PM (IST)

सिलीगुड़ी में सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति दयनीय है, जहां गंदगी, दुर्गंध और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। यह ...और पढ़ें

पीसी मित्तल बस टर्मिनस स्थित बदहाल शौचालय। - राजेश प्रसाद

पीसी मित्तल बस टर्मिनस स्थित बदहाल शौचालय। - राजेश प्रसाद

HighLights

  1. सार्वजनिक शौचालयों में गंदगी, दुर्गंध और पानी का अभाव।

  2. महिलाओं को शौचालयों के उपयोग में भारी परेशानी।

  3. नगर निगम ने समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा।

जागरण, सिलीगुड़ी । शहर की सड़कों, बाजारों, बस स्टैंड और पर्यटन स्थलों पर प्रतिदिन हजारों लोगों की आवाजाही होती है। ऐसे में सार्वजनिक शौचालयों की उपलब्धता और उनकी साफ-सफाई बुनियादी नागरिक सुविधाओं में शामिल है। लेकिन सिलीगुड़ी में सार्वजनिक शौचालयों की जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है।

विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर शहर के सार्वजनिक शौचालयों की पड़ताल की गई तो कहीं गंदगी और दुर्गंध का अंबार मिला, तो कहीं पानी और साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाएं तक नदारद दिखीं।

स्थिति यह है कि पुरुष तो किसी तरह इन शौचालयों का इस्तेमाल कर लेते हैं, लेकिन महिलाओं के लिए यहां जाना भी मुश्किल हो गया है। ऐसी स्थिति अधिकांश सार्वजनिक शौचालयों की है। इससे स्वच्छ शहर बनाने की मुहिम को भी झटका लगा है।

शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र विधान मार्केट में बने सार्वजनिक शौचालय की स्थिति बेहद दयनीय है। शौचालय के भीतर साफ-सफाई का अभाव है और बाहर तक दुर्गंध फैलती रहती है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं, लेकिन शौचालय की बदहाल स्थिति के कारण महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है।

खरीदारी करने पहुंची पायल गुप्ता ने बताया कि केवल विधान मार्केट ही नहीं, बल्कि शहर के कई बाजारों में सार्वजनिक शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। महिलाओं को विशेष रूप से परेशानी होती है। स्थानीय प्रशासन को इस समस्या पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।

इसी तरह पीसी मित्तल बस स्टैंड और तेनजिंग नोर्गे बस स्टैंड में भी सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति चिंताजनक है। यहां शौचालय तो बने हैं, लेकिन उनकी जर्जर हालत और बुनियादी सुविधाओं के अभाव में उनका इस्तेमाल करना आसान नहीं है। शौचालयों में न तो पर्याप्त घेराबंदी है और न ही पानी की समुचित व्यवस्था।

ऐसे में महिलाओं के लिए इनका इस्तेमाल और भी मुश्किल हो जाता है। जबकि इन बस स्टैंडों से प्रतिदिन दर्जनों बसें डुवार्स समेत विभिन्न इलाकों के लिए रवाना होती हैं। यहां पहुंचने वाले यात्रियों को शौचालय की सुविधा के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है।

बस स्टैंड पहुंची रीना कुमारी ने बताया कि यहां शौचालय की सुविधा इस्तेमाल करने लायक नहीं है। जरूरत पड़ने पर आसपास के होटल और रेस्तरां के शौचालयों का सहारा लेना पड़ता है।

नदी किनारे बने शौचालय भी बदहाल

शहर में आज भी ऐसे सैकड़ों परिवार हैं, जो नदी किनारे खुले में शौच करने को मजबूर हैं। इसकी एक बड़ी वजह नदी किनारे बनाए गए सार्वजनिक शौचालयों की बदहाल स्थिति है। इसका उदाहरण वार्ड नंबर एक में देखने को मिल रहा है।

यहां नदी किनारे बने सार्वजनिक शौचालय में गंदगी जमा है और नियमित सफाई का अभाव है। शौचालय भर जाने के कारण लोग इसका इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं। कई लोग आज भी नदी किनारे खुले में शौच करने को मजबूर हैं। इससे स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण और सार्वजनिक स्वास्थ्य पर भी सवाल खड़े होते हैं।

निगम ने दिया कार्रवाई का भरोसा

इस संबंध में नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि निगम की ओर से शहर में कई नए सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कराया गया है। पुराने शौचालयों से जुड़ी समस्याओं को भी संज्ञान में लेकर आवश्यक कार्य किए जाएंगे। साफ-सफाई की व्यवस्था की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।