विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल में गोवंश की खाल मिलने पर बवाल, पुलिस पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला; 6 गिरफ्तार

Published: Thu, 26 Nov 2026 05:18 PM (IST)

सिलीगुड़ी के दागापुर में गोवंश की खाल मिलने के बाद पुलिस पर भीड़ ने हमला कर दिया, जिसमें चार पुलिसकर्मी घायल हो गए और सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। 

बंगाल में गोवंश की खाल मिलने पर बवाल। (फोटो- जागरण)

बंगाल में गोवंश की खाल मिलने पर बवाल। (फोटो- जागरण)

HighLights

  1. सिलीगुड़ी में गोवंश की खाल मिलने पर पुलिस पर हमला।

  2. हमले में चार पुलिस अधिकारी घायल, सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त।

  3. पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया, जांच जारी।

जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। शहर से सटे दागापुर के डामराग्राम स्थित एक गोदाम में गोवंश की खाल मिलने से हंगामा मच गया| स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची प्रधान नगर थाना पुलिस की टीम पर जानलेवा हमला किया गया।

आरोप है कि करीब 50 से 60 लोगों की भीड़ ने पुलिस वाहन को घेरकर बांस, लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। सरकारी गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ की गई। हमले में क्राइम विंग इंचार्ज एसआई गौतम मल्लिक और एसआई सुप्रिया मंडल समेत चार पुलिस अधिकारी घायल हो गए। मामले में पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को सेफ कस्टडी में लिया गया है।

घटना की जानकारी मिलने पर सिलीगुड़ी के विधायक और राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष भी प्रधान नगर थाने पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी से मुलाकात कर घटना की परिस्थितियों और अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली।

खाल मिलने के विवाद में भड़की भीड़

पुलिस के अनुसार, डामराग्राम स्थित एक गोदाम में जानवरों की खाल रखे जाने की सूचना पर प्रधान नगर थाने की पुलिस मौके पर जा रही थी। इसी दौरान भीड़ ने पुलिस वाहन को घेर लिया और हमला कर दिया। हमले में चार पुलिस अधिकारी चोटिल हो गए। घायलों को तत्काल सिलीगुड़ी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार कराया गया।

घटना के बाद एसआई गौतम मल्लिक की ओर से प्रधान नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। इसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोहम्मद गुलफान उर्फ छोटन, मोहम्मद फिरोज, मोहम्मद सफीकुल उर्फ सफू, इरफान आलम, सफुकुल इस्लाम और मोहम्मद सफीरुल उर्फ मासू के रूप में हुई है।

पुलिस ने सभी के खिलाफ पुलिस पर हमला करने और सरकारी वाहन में तोड़फोड़ करने का मामला दर्ज किया है। आरोपितों को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया।

मंत्री शंकर घोष ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का स्पष्ट निर्देश है कि पुलिस पर हमला और महिलाओं पर अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मामले को लेकर वे पुलिस कमिश्नर से भी बात करेंगे।

इलाके में पुलिस और अर्धसैनिक बल की तैनाती

घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल और केंद्रीय अर्धसैनिक बल के जवानों को तैनात किया गया है। पुलिस गोदाम में रखी खाल के स्रोत, गोदाम के मालिक और उसके लाइसेंस से संबंधित जानकारी भी जुटा रही है।

पुलिस कमिश्नर सैयद वकर राजा ने बताया कि बीती रात पुलिस पर हमला और सरकारी वाहन में तोड़फोड़ की घटना हुई थी। मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।