विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिलीगुड़ी में सनसनी: घर के पास नाले से युवक का शव बरामद, संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की जांच जारी

Published: Tue, 24 Nov 2026 12:50 PM (IST)

सिलीगुड़ी के पालपाड़ा इलाके में एक युवक मृदुल चक्रवर्ती का शव घर के पास नाले से संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है, क्योंकि परिवार ने अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

(घर के पास नाले में मिला युवक का शव। फोटो-AI जेनरेटेड)

(घर के पास नाले में मिला युवक का शव। फोटो-AI जेनरेटेड)

HighLights

  1. सिलीगुड़ी के पालपाड़ा में नाले से युवक का शव बरामद।

  2. मृतक की पहचान मृदुल चक्रवर्ती (32) के रूप में हुई।

  3. पुलिस संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की जांच कर रही।

जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। घर के बगल में सिलीगुड़ी नगर निगम के नाले से युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव बरामद किया गया। घटना मंगलवार सुबह 38 व 39 नंबर वार्ड के बार्डर पर अवस्थित पालपाड़ा इलाके की है। मृतक की पहचान मृदुल चक्रवर्ती (32) के रूप में की गई है।

घटना की खबर मिलते ही भक्तिनगर थाना के आषीघर आउट पोस्ट की पुलिस मौके पर पहुंची। शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पारिवारिक सूत्रों की मानें तो युवक शादीशुदा था। पत्नी से उसकी नहीं बनती थी। पिता के साथ युवक पालपाड़ा इलाके में रहता था। पेशे से पुरोहित युवक मोबाइल दुकान में मैकेनिक का भी काम करता था।

युवक के पिता के अनुसार, सोमवार शाम तक युवक मोबाइल दुकान में काम कर रहा था। रात को वह खाना खाकर सो गए थे। सुबह उठने पर पता चला कि मृदुल रातभर घर नहीं आया। सुबह-सुबह साइकिल लेकर वह बेटे को खोजने के लिए निकले थे।

उसके दोस्तों से भी उन्होंने पूछताछ की, लेकिन किसी के पास कोई जानकारी नहीं थी। उनके घर के ठीक बगल में एक सैलून की दुकान है। सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने आया तो उसने गौर किया कि नाले में मुंह के बल एक युवक पड़ा है। इसके बाद वहां लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस को खबर दी गई। पुलिस की मौजूदगी में जब शव को बाहर निकाला गया तो पता चला कि वह युवक मृदुल ही है।

घर से कुछ ही मीटर दूर जिस परिस्थिति में युवक का शव बरामद किया गया है, उसे लेकर पुलिस को कई तरह के संदेह हैं। परिवार की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। अगर परिवार के लोग कोई शिकायत करते हैं तो उसी आधार पर मामले की जांच की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।