विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: सिलीगुड़ी निगम चुनाव से पहले माकपा का नया दांव, झोले में किताबें लेकर घर-घर पहुंच रहे कार्यकर्ता

Published: Wed, 18 Nov 2026 07:47 PM (IST)

सिलीगुड़ी नगर निगम चुनाव से पहले माकपा 'घर-घर किताब' अभियान चला रही है, जिसके तहत कार्यकर्ता लोगों के घरों तक किताबें पहुंचा रहे हैं।

सिलीगुड़ी निगम चुनाव से पहले माकपा का अनोखा अभियान

सिलीगुड़ी निगम चुनाव से पहले माकपा का अनोखा अभियान

HighLights

  1. माकपा सिलीगुड़ी नगर निगम चुनाव की तैयारी में जुटी।

  2. 'घर-घर किताब' अभियान से लोगों से जुड़ रही पार्टी।

  3. साहित्य के माध्यम से चुनावी रणनीति मजबूत करने का प्रयास।

जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। सिलीगुड़ी नगर निगम चुनाव की सरगर्मी भले ही अभी खुलकर नजर नहीं आ रही हो, लेकिन राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। फरवरी में संभावित नगर निगम चुनाव को देखते हुए माकपा भी जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने में जुट गई है।

इसके लिए पार्टी ने किताबों को लोगों तक पहुंचने का माध्यम बनाया है। ‘घर-घर किताब’ अभियान के तहत माकपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को किताबें उपलब्ध करा रहे हैं। साहित्य के जरिए लोगों से जुड़ने की यह पहल कहीं न कहीं पार्टी की चुनावी रणनीति का भी हिस्सा मानी जा रही है।

दरअसल, दुर्गापूजा के दौरान माकपा के पुस्तक स्टालों पर हमले की घटनाओं के बाद आम लोगों के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से पार्टी ने राज्यव्यापी ‘घर-घर किताब’ अभियान शुरू किया था। अब सिलीगुड़ी में भी इस अभियान को गति दी जा रही है।

देशबंधुपाड़ा से आश्रमपाड़ा और शक्तिगढ़ से फूलबाड़ी तक विभिन्न इलाकों में माकपा कार्यकर्ता और नेता किताबों का झोला लेकर लोगों के घरों तक पहुंच रहे हैं।

इन झोलों में रवींद्रनाथ टैगोर, काजी नजरुल इस्लाम, महात्मा गांधी और स्वामी विवेकानंद की रचनाओं के साथ उपन्यास, कहानियां और बच्चों की किताबें भी शामिल हैं। दस रुपये से लेकर अलग-अलग कीमतों की किताबें उपलब्ध कराई जा रही हैं। लोग अपनी पसंद के अनुसार किताबें खरीद भी रहे हैं।

माकपा की इस पहल को आगामी नगर निगम चुनाव से जोड़कर भी देखा जा रहा है। पार्टी जहां किताबों के माध्यम से अपनी विचारधारा और साहित्य को लोगों तक पहुंचा रही है, वहीं घर-घर जाकर लोगों से सीधा संवाद स्थापित करने का अवसर भी तलाश रही है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस अभियान के जरिए माकपा केवल पुस्तकों का प्रचार नहीं कर रही, बल्कि चुनाव से पहले जमीनी स्तर पर लोगों के बीच अपनी मौजूदगी और संपर्क मजबूत करने की कोशिश में भी जुटी है।

पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा दे रहे- चक्रवर्ती

हालांकि, इस संबंध में माकपा नेता तथा पूर्व पार्षद शरदेंदु चक्रवर्ती ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को उनकी पसंद की किताबें पढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने बताया कि विरोधी विचारधारा से जुड़े लोग भी उनसे किताबें खरीद रहे हैं।

पार्टी का लक्ष्य है कि हर व्यक्ति तक उसकी पसंद की किताब पहुंचे और पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा मिले। उन्होंने यह भी बताया कि दुर्गापूजा के दौरान विभिन्न स्थानों पर वामपंथी कार्यकर्ताओं के पुस्तक स्टाल तोड़े जाने की शिकायतें सामने आई थीं।

इसके बावजूद पार्टी ने किताबों के माध्यम से लोगों तक पहुंचने का अभियान जारी रखने का निर्णय लिया है। इस पहल के जरिए पार्टी सीधे तौर पर जनता से जुड़ पा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।