सोना खरीदने से बचने की पीएम मोदी की अपील का असर, आयात में आई कमी; केंद्रीय वाणिज्य मंत्री का दावा
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि पीएम मोदी की सोने के बजाय उत्पादक संपत्तियों में निवेश की अपील का सकारात्मक असर हुआ है, जिससे देश में सोने के आयात में कमी आई है।
-1795384060452_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोने के बजाय उत्पादक संपत्तियों में निवेश करने की अपील का सकारात्मक असर दिखाई देने लगा है। देश में सोने के आयात में कमी आई है, जिसका प्रभाव अंतरराष्ट्रीय बाजार पर भी पड़ा है।
रविवार को बंगाल के बागडोगरा हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देशवासियों से अपील की थी कि बहुत जरूरी न होने पर सोना खरीदने से बचें और अपनी बचत का निवेश उत्पादक क्षेत्रों में करें। लोगों ने उनकी अपील को गंभीरता से लिया है। जिसका असर भी दिखा है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री ने शनिवार को लखनऊ में पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कहा था कि उन्होंने करीब एक साल पहले देशवासियों से एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील की थी।
खुशी जताई थी कि लोगों ने उनकी सलाह मानी और इससे उनकी बचत हुई। प्रधानमंत्री ने इस अपील की तुलना पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के सप्ताह में एक समय भोजन छोड़ने के आह्वान से भी की थी।
उद्योग मंत्री ने आगे कहा कि आने वाले दिनों में सिलीगुड़ी समेत उत्तर बंगाल के विभिन्न हिस्सों में औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। वह बागडोगरा से कर्सियांग पहुंचे, जहां उन्होंने चाय बागान उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों और हितधारकों के साथ बातचीत की।
कहा कि दार्जिलिंग की चाय को एक बार फिर वैश्विक बाजार में नई पहचान दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए चाय की गुणवत्ता, बेहतर ब्रांडिंग और निर्यात को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
दार्जिलिंग की चाय महज एक पेय नहीं, बल्कि इस क्षेत्र की पहचान, संस्कृति और हजारों परिवारों की आजीविका का आधार है। उद्योग को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के साथ बागान श्रमिकों की समस्याओं के समाधान और छोटे उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के प्रयास किए जाएंगे।