सिलीगुड़ी में एनएच-10 के किनारे कचरे में मिला मोर्टार सेल, मौके पर पहुंची सेना की टीम
सिलीगुड़ी में राष्ट्रीय राजमार्ग-10 के किनारे एक मोर्टार सेल मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने इलाके को घेरकर सेना को सूचना दी। इसके बाद सेना के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

मौके का मुआयना करते सेना के जवानों की तस्वीर (जागरण)।
HighLights
सिलीगुड़ी में राष्ट्रीय राजमार्ग-10 किनारे मिला मोर्टार सेल।
पुलिस ने तुरंत इलाके को घेरा, सेना को दी सूचना।
सुरक्षा चिंताएं बढ़ीं, सेना व पुलिस जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। सेना द्वारा युद्धभूमि में इस्तेमाल किए जाने वाले घातक हथियार मोर्टार सेल सड़क किनारे मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना शुक्रवार दोपहर भक्तिनगर थाना अंतर्गत इंदिरा गांधी मैदान के ठीक सामने राष्ट्रीय राजमार्ग-10 के किनारे की है।
हथियारनुमा वस्तु मिलने की सूचना के बाद भक्तिनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पूरे इलाके को घेर दिया गया। पुलिस की ओर से सेना को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। खबर मिलते ही सेना के अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय से करीब मिलने से हड़कंप
उत्तर बंगाल पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय से करीब 100 मीटर पीछे सड़क किनारे खुले मैदान के पास कचरे में लोगों ने लगभग एक फीट लंबी धातु का जंग लगा बेलनाकार धातु की वस्तु पड़ी देखी। संदिग्ध वस्तु को देखकर स्थानीय लोगों में भय व कौतूहल का माहौल पैदा हो गया। इसके बाद लोगों ने तत्काल भक्तिनगर थाना पुलिस को इसकी सूचना दी।
पुलिस ने इलाके को घेरा
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की ओर से बेलनाकार उक्त वस्तु को मोर्टार सेल होने की पुष्टि की गई। इसके बाद घटनास्थल के आसपास के इलाके को घेरकर लोगों की आवाजाही रोक दी गई।
सुरक्षा को लेकर चिंता
जानकारी मिली है कि सेना के अधिकारियों की उपस्थिति में उक्त विस्फोटक को मौके से बरामद कर सुरक्षित स्थान पर ले जाया जाएगा, जहां उसे निष्क्रिय करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे इस तरह की विस्फोटक वस्तु मिलने से स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता व्याप्त है। आखिर वह वस्तु वहां कहां से पहुंचा पुलिस तथा सेना द्वारा इसकी जांच शुरू कर दी गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।