कंचे-गुल्ली डंडे से स्मार्टफोन तक: मोबाइल की दुनिया में गुम हो रहे गांवों के पारंपरिक खेल और आत्मीय रिश्ते
ग्रामीण बंगाल में आधुनिकीकरण और स्मार्टफोन के बढ़ते प्रभाव से पारंपरिक खेल, जीवनशैली और सामाजिक रिश्ते तेजी से विलुप्त हो ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर। (AI Generated Image)
HighLights
स्मार्टफोन ने पारंपरिक ग्रामीण खेलों को पूरी तरह बदल दिया।
ग्रामीण बंगाल की जीवनशैली और सामाजिक रिश्ते तेजी से बदल रहे।
सांस्कृतिक विरासत और नब्बे के दशक की यादें बचाना आवश्यक।
संसू, बलरामपुर (पुरुलिया)। समय के साथ ग्रामीण बंगाल की पारंपरिक तस्वीर तेजी से बदल रही है। आधुनिकीकरण के प्रभाव से ग्रामीण जीवनशैली पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक और तेज हो गई है।
गांवों में पक्की सड़कें, बिजली, आधुनिक वाहन, स्मार्टफोन और इंटरनेट जैसी आधुनिक सुविधाएं पहुंच चुकी हैं। हालांकि, विकास की इस अंधी दौड़ में ग्रामीण जीवन की पुरानी परंपराएं, लोकसंस्कृति और सादगी धीरे-धीरे विलुप्त होती जा रही हैं।
खासकर नब्बे के दशक का बचपन, पारंपरिक खेल, सामाजिक रिश्ते और गांवों का प्राकृतिक वातावरण अब काफी हद तक यादों तक सिमटकर रह गया है। पुराने दिनों को याद कर आज भी गांव के बुजुर्ग और अधेड़ उम्र के लोग भावुक हो उठते हैं।
मैदानों से गायब हुए पारंपरिक खेल
एक समय था जब गांव के बच्चों के लिए शाम होते ही खेल के मैदान की ओर दौड़ लगाना किसी उत्सव से कम नहीं था।
कबड्डी, कितकित, गुल्ली-डंडा, छुपन-छुपाई, कंचे और पतंगबाजी जैसी गतिविधियां रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा हुआ करती थीं।
गर्मियों की दोपहर में पेड़ों की छांव या आंगन में बैठकर लूडो खेलना और बिना किसी भेदभाव के लड़कों-लड़कियों का एक साथ खेलना आम बात थी।
इन खेलों के लिए महंगे उपकरणों की जरूरत नहीं होती थी, बल्कि बांस की लकड़ियों और ईंट के टुकड़ों से ही खेल का सामान तैयार हो जाता था।
लेकिन आज स्थिति बिल्कुल बदल चुकी है। गांवों में खेल के मैदानों का दायरा लगातार सिमट रहा है, जहां अब पक्के मकान और कंक्रीट के निर्माण खड़े हो गए हैं।
नई पीढ़ी का अधिकांश खाली समय स्मार्टफोन की स्क्रीन और फ्री फायर या पबजी जैसे ऑनलाइन गेम्स में बीतता है। कभी बच्चों की हंसी और शोर से गुलजार रहने वाले मैदानों में अब वीरानी छाई रहती है।
बदल गई रोजमर्रा की जीवनशैली
सिर्फ खेलकूद ही नहीं, बल्कि ग्रामीण बंगाल की रोजमर्रा की जीवनशैली में भी व्यापक बदलाव आया है। नब्बे के दशक में कच्ची पगडंडियां, बैलगाड़ियां, फूस के मकान और शाम होते ही लालटेन या हैरिकेन की रोशनी गांवों की खास पहचान हुआ करती थी।
कभी बैसाखी मेले, लोकगीत, ढेंकी में धान कूटने और डाकिए के हाथों चिट्ठी मिलने का अलग ही आनंद था। अपनों के खत के इंतजार में कई-कई दिन बिताने का वह एहसास अब व्हाट्सएप, मैसेंजर और ईमेल के इस आधुनिक दौर में पूरी तरह समाप्त हो चुका है।
घरों के भीतर इस्तेमाल होने वाली वस्तुएं जैसे मिट्टी के घड़े, हुक्का-तंबाकू, बच्चों की बेयरिंग वाली गाड़ियां और स्याही-कलम भी अब शायद ही कहीं दिखाई देती हैं।
इसके अलावा, शादी-ब्याह के आयोजनों में जमीन पर चटाई बिछाकर सामूहिक भोजन करने और पारंपरिक विवाह गीत गाने के आत्मीय माहौल की जगह अब आधुनिक सजावट, डीजे और बैंड-बाजे ने ले ली है।
प्रकृति और सामाजिक रिश्तों से दूरी
प्रकृति की तस्वीर भी अब बदलती नजर आ रही है। कभी शाम होते ही दूर से सियारों की आवाज, पेड़ों पर कौओं का जमावड़ा, छतों पर गौरैया की चहचहाहट और ताड़ के पेड़ों पर बया पक्षियों के घोंसले ग्रामीण परिवेश का अभिन्न हिस्सा हुआ करते थे, जो आज दुर्लभ हो गए हैं।
बुजुर्गों का कहना है कि पहले लोगों के पास धन-संपत्ति भले ही कम थी, लेकिन एक-दूसरे के सुख-दुख में शामिल होने की भावना काफी मजबूत थी। पड़ोसियों के बीच के रिश्ते परिवार जैसे हुआ करते थे।
जड़ों को बचाए रखने की जरूरत
बेशक आधुनिक विकास ने ग्रामीण जीवन को कई मायनों में बेहतर बनाया है, जिसे नकारा नहीं जा सकता। लेकिन इसके साथ अपनी जड़ों, लोकसंस्कृति, पारंपरिक खेलों और सामाजिक विरासत को बचाए रखना भी उतना ही जरूरी है।
ग्रामीण बंगाल की ये परंपराएं केवल अतीत की यादें नहीं, बल्कि इनसे हमारा बचपन और सांस्कृतिक पहचान जुड़ी हुई है।
आने वाली पीढ़ियों को यदि इनसे परिचित नहीं कराया गया, तो एक दिन नब्बे का वह जीवंत बंगाल केवल बुजुर्गों के किस्सों तक ही सीमित रह जाएगा।