पुरुलिया पुलिस का मान बढ़ा: उत्कृष्ट सेवाओं के लिए एसआई मानस दत्त और जयंत चक्रवर्ती राष्ट्रपति मेडल से सम्मानित
पुरुलिया जिले के दो पुलिस अधिकारी, एसआई जयंत कुमार चक्रवर्ती और मानस दत्त को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस मेडल से सम्मानित किया गया है।
-1793454849839_m.webp)
पुरुलिया जिले के दो पुलिस अधिकारियों को देश के सर्वोच्च राष्ट्रपति पुलिस मेडल से सम्मानित किया गया है।
HighLights
एसआई जयंत चक्रवर्ती और मानस दत्त हुए सम्मानित।
उत्कृष्ट सेवा और निष्ठा के लिए मिला यह सम्मान।
संसू, पुरुलिया। अपने काम के प्रति निष्ठा और बेहतरीन प्रदर्शन के लिए पुरुलिया जिले के दो पुलिस अधिकारियों को देश के सर्वोच्च राष्ट्रपति पुलिस मेडल से सम्मानित किया गया है।
भारत की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा यह सम्मान मिलने से पूरे जिले के पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।
इन अधिकारियों को मिला सम्मान
पुरुलिया जिला पुलिस प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, यह प्रतिष्ठित सम्मान पाने वाले अधिकारियों में पुरुलिया जिला पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर जयंत कुमार चक्रवर्ती और बांदोवान थाना के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर मानस दत्त शामिल हैं।
पुरुलिया के एसपी कुमार सनी राज ने बेलगुमा पुलिस लाइन में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर इन दोनों अधिकारियों को सम्मानित किया।
अधिकारियों ने जाहिर की अपनी खुशी
सम्मान मिलने के बाद सब-इंस्पेक्टर जयंत कुमार चक्रवर्ती ने दैनिक जागरण से बातचीत में कहा कि यह पुरस्कार उन्हें भविष्य में और भी बेहतर और ईमानदारी से काम करने के लिए प्रेरित करेगा।
वहीं, बांदोवान थाना प्रभारी मानस दत्त ने अपनी भावनाएं साझा करते हुए बताया कि राष्ट्रपति पुलिस मेडल पाना उनका एक बड़ा सपना था, जो आज पूरा हो गया है।
उन्होंने कहा कि वह हमेशा अपने कर्तव्य का निष्ठा के साथ पालन करते रहेंगे और यह सम्मान उन्हें नई ऊर्जा देगा।
एसपी ने की सराहना
पुरुलिया के एसपी कुमार सनी राज ने दोनों अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि इन दोनों ने अपनी मेहनत और लगन से न सिर्फ पुरुलिया जिला पुलिस बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है।
इस उपलब्धि पर जिले भर के पुलिस कर्मियों और शुभचिंतकों ने दोनों अधिकारियों को शुभकामनाएं दी हैं।