कश्मीर के बाद अब पुरुलिया की धरती उगलेगी 'सफेद सोना', लिथियम के साथ सीजियम-रुबिडियम का भी भंडार मिला
पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में देश का दूसरा सबसे बड़ा लिथियम भंडार खोजा गया है, जिसमें सीजियम और रुबिडियम जैसे अन्य दुर्लभ खनिज भी शामिल हैं।

पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में देश का दूसरा सबसे बड़ा लिथियम भंडार खोजा गया है।
HighLights
पुरुलिया में देश का दूसरा सबसे बड़ा लिथियम भंडार मिला।
यह खोज भारत की आत्मनिर्भरता और स्थानीय रोजगार बढ़ाएगी।
विष्णु चंद्र पाल, पुरुलिया। पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में देश का दूसरा सबसे बड़ा लिथियम भंडार खोजा गया है। लिथियम के साथ-साथ इस इलाके में भारी मात्रा में अन्य दुर्लभ खनिज (रेयर मिनरल्स) भी मिले हैं।
इससे पहले देश में लिथियम का सबसे बड़ा भंडार जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले के सलाल-हैमना क्षेत्र में पाया गया था, जहां करीब 59 लाख टन (5.9 मिलियन टन) लिथियम होने का अनुमान है।
जम्मू-कश्मीर के बाद अब पुरुलिया की धरती के नीचे 'सफेद सोना' कहे जाने वाले लिथियम और अन्य बेशकीमती धातुओं का मिलना देश की आत्मनिर्भरता के लिए मील का पत्थर साबित हो सकता है।
200 एकड़ जमीन के महज 10-12 मीटर नीचे मिला खजाना

पुरुलिया जिला प्रशासन के सूत्रों के अनुसार, जीएसआई की टीम पिछले कई वर्षों से जिले के विभिन्न हिस्सों में दुर्लभ खनिजों की तलाश कर रही थी।
इस दौरान पुरुलिया के झालदा-2 ब्लॉक अंतर्गत बेलामू पहाड़ से लेकर नवाहातु से सटे इलाके तक करीब 200 एकड़ क्षेत्र में इन खनिजों का पता चला है।
सबसे खास बात यह है कि यह विशाल भंडार जमीन की सतह से महज 10 से 12 मीटर की गहराई पर ही मौजूद है, जिससे इसके खनन में काफी आसानी होगी।
प्रशासनिक आंकड़ों के मुताबिक, झालदा-2 ब्लॉक में लगभग 1.78 लाख टन दुर्लभ खनिजों का भंडार मिला है। इसमें करीब 0.3 प्रतिशत लिथियम, 0.4 प्रतिशत सीजियम और 0.1 प्रतिशत रुबिडियम मौजूद होने की पुष्टि हुई है।
बेलामू पहाड़ के अलावा जीएसआई की टीम झालदा-2 ब्लॉक के ही कालापाथर-रघुडी, चिरुगोड़ा, मेदनीतर और पुरदाह इलाकों में भी खनिज संभावनाओं की जांच कर रही है।
क्या हैं ये तीन दुर्लभ खनिज और क्यों हैं इतने खास?
पुरुलिया की धरती से मिले लिथियम, सीजियम और रुबिडियम आधुनिक तकनीक, ऊर्जा और अंतरिक्ष विज्ञान की रीढ़ माने जाते हैं। आइए आसान भाषा में समझते हैं इनकी खासियत और उपयोग:
- लिथियम (Lithium): यह दुनिया की सबसे हल्की और मुलायम धातु है। यह इतनी नरम होती है कि इसे चाकू से भी आसानी से काटा जा सकता है। हवा या पानी के संपर्क में आने पर यह तुरंत प्रतिक्रिया करती है, इसलिए इसे विशेष तेल में सुरक्षित रखा जाता है। स्मार्टफोन, लैपटॉप और इलेक्ट्रिक गाड़ियों (EV) में लगने वाली रिचार्जेबल बैटरियों का यह सबसे मुख्य हिस्सा है। इसके अलावा कांच, सिरेमिक, विमान निर्माण और मानसिक रोगों की दवाइयों में भी इसका इस्तेमाल होता है।
- सीजियम (Caesium): यह सोने और चांदी जैसी चमक वाली एक बेहद मुलायम धातु है। इसका गलनांक (पिघलने का तापमान) इतना कम (करीब 28.5 डिग्री सेल्सियस) होता है कि यह सामान्य गर्म कमरे के तापमान पर भी पिघल जाती है। सीजियम का सबसे बड़ा उपयोग बेहद सटीक समय बताने वाली 'परमाणु घड़ियों' (एटॉमिक क्लॉक) में होता है। इसके बिना जीपीएस (GPS) नेविगेशन, मोबाइल नेटवर्क, इंटरनेट और अंतरिक्ष अभियानों का सटीक संचालन संभव नहीं है।
- रुबिडियम (Rubidium): यह भी चांदी जैसी सफेद और अत्यंत क्रियाशील धातु है, जो हवा के संपर्क में आते ही आग पकड़ लेती है। तेज गर्मी में यह भी पिघल सकती है। इसका उपयोग भी दूरसंचार और जीपीएस सिस्टम की घड़ियों, क्वांटम फिजिक्स के शोध, मेडिकल जांच (जैसे पेट स्कैन) और विशेष प्रकार के कांच व आतिशबाजी बनाने में किया जाता है।
केंद्र सरकार करेगी नीलामी, राज्य को भी होगा बड़ा आर्थिक लाभ
इस खोज के बाद प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हो गई है। पुरुलिया जिला प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस पूरे मामले की औपचारिक रिपोर्ट पश्चिम बंगाल सरकार के माध्यम से केंद्र सरकार को भेज दी गई है।
चूंकि लिथियम और ऐसे दुर्लभ खनिज सीधे केंद्र सरकार के अधिकार क्षेत्र में आते हैं, इसलिए अब केंद्र सरकार नीलामी (ऑक्शन) प्रक्रिया के जरिए किसी विशेषज्ञ कंपनी या संस्था को इसके खनन की जिम्मेदारी सौंपेगी।
इस खोज के दौरान जीएसआई के साथ पश्चिम बंगाल सरकार के खनिज विकास निगम (डब्ल्यूबीएमडीटीसी) के भूवैज्ञानिकों ने भी संयुक्त रूप से काम किया है।
राज्य के मुख्यमंंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी अपने पिछले पुरुलिया दौरे के दौरान जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर इस विषय पर विस्तार से चर्चा की थी।
उन्होंने प्रशासन को ऐसी योजना बनाने का सुझाव दिया था, जिससे इस खनिज भंडार के खनन का सीधा आर्थिक लाभ पश्चिम बंगाल सरकार और स्थानीय लोगों को मिल सके।
बेलामू पहाड़: प्राकृतिक विरासत से रोजगार के नए द्वार तक
जिस बेलामू पहाड़ के पास यह खनिज भंडार मिला है, उसका अपना समृद्ध इतिहास और भूवैज्ञानिक महत्व है। यह पहाड़ी झालदा-2 ब्लॉक में आनंद मार्ग संगठन के मुख्यालय आनंदनगर के मुख्य केंद्र के पास और कोटशिला थाना क्षेत्र के दक्षिण में स्थित है।
भूवैज्ञानिकों के अनुसार, यह पहाड़ करोड़ों साल पुरानी चट्टानों से बना है। इस क्षेत्र का नाम जैन देवता बेलमुख के नाम पर पड़ा था।
जबकि पास के गांव 'चितमू' का नाम जैन देवता 'चित्तमुख' के नाम पर रखा गया। साल 1989-90 से हुए विभिन्न शोधों में यहां प्राचीन मानव सभ्यता के अवशेष भी मिल चुके हैं।
अब तक बेलामू पहाड़ अपनी शांत वादियों, शाल-पलाश के घने जंगलों और ट्रैकिंग के लिए जाना जाता था। भीड़भाड़ से दूर होने के कारण प्रकृति प्रेमी यहां घूमने आते थे।
लेकिन अब एक शांत पर्यटन स्थल से आगे बढ़कर यह इलाका देश के सबसे महत्वपूर्ण खनिज केंद्रों में शुमार होने जा रहा है। इस खोज से स्थानीय ग्रामीणों में नई उम्मीद जगी है।
लोगों का मानना है कि खनन शुरू होने से क्षेत्र में बुनियादी ढांचे का विकास होगा और बड़े पैमाने पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।