बंगाल के पुरुलिया में आदिवासी किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म, छह गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में लोक नाटक देखकर लौट रही 17 वर्षीय आदिवासी किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है।

पुरुलिया में आदिवासी किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म। (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
पुरुलिया में 17 वर्षीय आदिवासी किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म।
लोक नाटक देखकर घर लौटते समय हुई वारदात।
पुलिस ने पीड़िता के प्रेमी सहित छह को किया गिरफ्तार।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के पुरुलिया जिले में लोक नाटक (जात्रा) देखकर घर लौट रही 17 साल की आदिवासी किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता के परिवार की शिकायत पर उसके प्रेमी समेत छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
उनके नाम सुदीप मांडी, राजेश मांडी, सगुन मुर्मु, मेघनाथ मांडी, सुशांत मांडी और बिनंद सोरेन हैं। घटना सोमवार सुबह काशीपुर थाना क्षेत्र की है।
पुलिस के अनुसार, जात्रा देखकर घर लौट रही किशोरी को उसके प्रेमी ने एक सुनसान जगह पर बुलाया। वहां प्रेमी समेत तीन लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि तीन अन्य ने अपराध में उनकी मदद की। वारदात के बाद सभी भाग खड़े हुए।
पीड़िता वहां से जात्रा समिति के आयोजकों के पास पहुंची और उन्हें घटना की जानकारी दी। आयोजकों ने उसके परिवार को सूचना दी। इसके बाद पीड़िता के पिता मौके पर पहुंचे और उसे घर ले गए। बाद में काशीपुर थाने में सामूहिक दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई गई।
पुरुलिया जिला पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 की संबंधित धाराएं भी लगाई गई हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में इनके अलावा और कौन-कौन शामिल थे।