टावर लगाने के नाम पर ठगे साढ़े छह लाख रुपये: पुरुलिया साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जामताड़ा से आरोपी धराया
पुरुलिया साइबर पुलिस ने मोबाइल टावर लगाने के नाम पर 6.47 लाख रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी टिंकू अंसारी को जामताड़ा से गिरफ्तार किया है।

आरोपी ने 25 लाख अग्रिम और नौकरी का लालच देकर पीड़ित से रजिस्ट्रेशन व अन्य शुल्कों के नाम पर पैसे वसूले थे।
HighLights
मोबाइल टावर लगाने के झांसे में आकर 6.47 लाख की ठगी।
पुरुलिया साइबर पुलिस ने जामताड़ा से मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया।
आरोपी ने अग्रिम राशि और नौकरी का लालच दिया था।
संवाद सूत्र, पुरुलिया। पुरुलिया में मोबाइल टावर लगाने का झांसा देकर 6.47 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले एक शातिर अपराधी को पुरुलिया साइबर थाना पुलिस ने झारखंड के जामताड़ा से गिरफ्तार किया है।
पकड़ा गया आरोपी टिंकू अंसारी बताया जा रहा है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर पूछताछ और गिरोह के अन्य सदस्यों की धरपकड़ के लिए रिमांड पर लेने की मांग की है।
25 लाख अग्रिम और नौकरी का दिया था लालच
पुलिस के अनुसार, संतुड़ी निवासी रामचंद्र माझी को एक अनजान नंबर से कॉल आया था। फोन करने वाले ने खुद को एयरटेल टावर इंस्टॉलेशन कंपनी का प्रतिनिधि बताया।
आरोपी ने जमीन पर मोबाइल टावर लगाने के एवज में 25 लाख रुपये अग्रिम राशि, 17,500 रुपये मासिक किराया, परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी और तीन डिसमिल जमीन पर मुफ्त वाई-फाई सुविधा देने का लालच दिया।
कई किस्तों में वसूले 6.47 लाख रुपये
झांसे में आकर पीड़ित ने टावर लगवाने की सहमति दे दी। इसके बाद शातिर अपराधियों ने रजिस्ट्रेशन, एग्रीमेंट और प्रोसेसिंग शुल्क के नाम पर पीड़ित से विभिन्न बैंक खातों में कुल 6,47,946 रुपये जमा करवा लिए।
काफी समय बीत जाने के बाद भी जब टावर लगाने का काम शुरू नहीं हुआ और आरोपी दोबारा पैसों की मांग करने लगे, तब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ।
पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुरुलिया साइबर थाने में मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच में जुटी पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए जामताड़ा से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब इस अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।