अखिलेश सिंह की गिरफ्तारी को बनारस गई पुलिस लौटी
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर: उपेंद्र सिंह और उनके सहयोगी अमित राय की हत्या के मामले में पु
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर:
उपेंद्र सिंह और उनके सहयोगी अमित राय की हत्या के मामले में पुलिस को न तो अखिलेश सिंह अब तक हाथ लग पाया है, और न ही उसके गुर्गे। बनारस में कैंप कर रही पुलिस टीम रविवार रात वापस लौट आई। अखिलेश तक पहुंचने को बनारस में रहने वाले उसके ससुर चंदन सिंह के घर और कार्यालय तक पर दबिश दी गई। चंदन सिंह के घर और कार्यालय बंद पाये गये। अखिलेश सिंह के कारोबार में शामिल बनारस के जिन चार कारोबारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया था, सभी को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। पुलिस को नयी जानकारी यह मिली कि चंदन सिंह के घर से अखिलेश सिंह का विवाह के पूर्व से ही पुराना रिश्ता रहा है। इधर सीतारामडेरा थाने की पुलिस ने उपेंद्र सिंह की हत्या में अखिलेश सिंह, संजय जोजो व हरीश का वारंट लिया है। अखिलेश सिंह और उसके गुर्गो की गिरफ्तारी को पुलिस टीम बक्सर, डुमरांव, आरा, भोजपुर और पटना इलाके में कैंप कर रही है।
अमित राय हत्याकांड में छापेमारी
बागबेड़ा बड़ौदा घाट निवासी कन्हैया सिंह, विनोद सिंह, सचिन सिंह एवं एक अन्य के आवास पर पुलिस ने छापेमारी की लेकिन सभी फरार पाये गये। सोनारी निवासी अमित राय की हत्या में अखिलेश सिंह के साथ कन्हैया सिंह, हरीश और सुधीर दुबे नामजद आरोपी हैं। कन्हैया सिंह और अखिलेश सिंह के आवास की कुर्की के लिए पुलिस 13 दिसंबर को न्यायालय में अर्जी दाखिल करेगी। सुधीर दुबे का पैतृक आवास बक्सर के कृष्णब्रह्मापुर में है। हरीश आरा का रहने वाला है।