अयोध्या पहाड़ पर छाई सर्दियों की रंगत: प्राकृतिक खूबसूरती के साथ पर्यटकों को लुभा रही खजूर के गुड़ की मिठास
पश्चिम बंगाल के पुरुलिया स्थित अयोध्या पहाड़ पर सर्दियों में पर्यटकों की भीड़ बढ़ रही है, जहां प्राकृतिक सुंदरता के ...और पढ़ें

अयोध्या पहाड़ प्राकृतिक खूबसूरती के साथ-साथ यहां तैयार होने वाला पारंपरिक खजूर का गुड़ भी सैलानियों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
HighLights
अयोध्या पहाड़ पर सर्दियों में पर्यटकों का आगमन शुरू।
पारंपरिक खजूर का गुड़ पर्यटकों को खूब लुभा रहा।
स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिल रहा है नया बढ़ावा।
तापस कुईरी, बाघमुंडी (पुरुलिया) । ठंड की दस्तक के साथ ही पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले स्थित प्रसिद्ध अयोध्या पहाड़ और आसपास के इलाके नए रंग में नजर आने लगे हैं।
पहाड़, घने जंगलों और अद्भुत प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने के लिए देश-विदेश से पर्यटकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो चुका है।
हालांकि, इस बार प्राकृतिक खूबसूरती के साथ-साथ यहां तैयार होने वाला पारंपरिक खजूर का गुड़ भी सैलानियों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
पारंपरिक तरीके से तैयार होता है स्वादिष्ट गुड़
जैसे-जैसे सर्दियों की रंगत चढ़ती है, इलाके में खजूर का रस निकालने और उससे गुड़ बनाने की प्रक्रिया तेज हो जाती है। इस पारंपरिक व्यवसाय से जुड़े कुशल कारीगर दूर-दराज के क्षेत्रों से अयोध्या पहाड़ के आसपास पहुंचकर अपने अस्थायी ठिकाने बनाते हैं।
वे तड़के खजूर के पेड़ों पर मिट्टी की मटकियां बांधकर विशेष विधि से रस एकत्र करते हैं। सुबह पेड़ों से उतारे गए ताजे रस को बड़े बर्तनों में धीमी आंच पर घंटों पकाकर शुद्ध और स्वादिष्ट खजूर गुड़ तैयार किया जाता है।
सैलानियों के लिए बना खास आकर्षण
पीढ़ियों से चली आ रही इस ग्रामीण कारीगरी और परंपरा से बने खजूर गुड़ की सर्दियों में काफी मांग रहती है। स्थानीय निवासियों के साथ-साथ अयोध्या पहाड़ का लुत्फ उठाने आने वाले पर्यटक भी इस गुड़ को खरीदने में विशेष रुचि दिखा रहे हैं।
कई सैलानी इसे अपने साथ घर भी ले जा रहे हैं, ताकि अयोध्या पहाड़ की सुहानी यात्रा के साथ बंगाल के पारंपरिक स्वाद की मिठास भी उनकी यादों में बनी रहे।
पर्यटन और स्थानीय कारोबार में नई चमक
एक ओर अयोध्या पहाड़ की मनमोहक छटा और दूसरी ओर ताजे खजूर के रस से तैयार गुड़ की सौंधी महक मिलकर बाघमुंडी के पर्यटन को एक नई पहचान दे रहे हैं।
खजूर गुड़ की बढ़ती मांग से स्थानीय कारोबारियों और कारीगरों के चेहरे पर भी रौनक लौट आई है। यही वजह है कि अयोध्या पहाड़ अब केवल प्राकृतिक सुंदरता ही नहीं, बल्कि ग्रामीण संस्कृति और पारंपरिक मिठास का भी एक पसंदीदा ठिकाना बन गया है।