कान में ब्लूटूथ हेडफोन लगाकर फंदे से लटका मिला छात्र का शव, मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
राजारहाट के कालिकापुर में एक छात्र का शव बागानबाड़ी में फंदे से लटका मिला, जिसके कान में ब्लूटूथ हेडफोन लगे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
छात्र का शव राजारहाट के कालिकापुर में फंदे से मिला।
मृतक के कान में ब्लूटूथ हेडफोन और पास मोबाइल फोन था।
पुलिस दोस्त से पूछताछ कर मोबाइल फोन की जांच कर रही है।
जागरण संवाददाता, विधाननगर। राजारहाट के कालिकापुर स्थित आठघरा इलाके में एक बागानबाड़ी से छात्र का फंदे से लटकता शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान पूर्व मेदिनीपुर के पटाशपुर निवासी बर्शण जाना के रूप में हुई है। शव बरामद होने के दौरान उसके कान में ब्लूटूथ हेडफोन लगा हुआ था और पास में ही मोबाइल फोन पड़ा था। ऐसे में वह किसी से फोन या वीडियो काल पर बात करते हुए फंदे से लटका या मामला कुछ और है, इसकी जांच राजारहाट थाने की पुलिस कर रही है।
बागानबाड़ी में किराये पर रहता छात्र
पुलिस सूत्रों के अनुसार, छात्र उक्त बागानबाड़ी में किराये पर रहता था। दो दिन पहले उसका एक दोस्त वहां आया था। दोनों रात में एक साथ सोए थे। सुबह दोस्त की नींद खुली तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद मिला। इसके बाद उसने पड़ोस के एक व्यक्ति को फोन किया। सूचना पाकर पहुंचे व्यक्ति ने छात्र को लटका देखा और पुलिस को खबर दी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा खुलवाया और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के दोस्त से पूछताछ की जा रही है। साथ ही पुलिस मोबाइल फोन की भी जांच कर रही है, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।