नेपाल आपदा में लापता 213 भारतीयों को मृत घोषित करने की प्रक्रिया शुरू, सूची में नैहाटी की शर्मिष्ठा का भी नाम
नेपाल में अगस्त में आई बाढ़ में लापता 213 भारतीयों को मृत घोषित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।इससे उनके परिजनों को झटका लगा है। इसमें नैहाटी की शर्मिष्ठा का नाम भी शामिल है।
-1795686590126_m.webp)
बाढ़ के बाद से लापता 213 भारतीयों को मृत घोषित करने की प्रक्रिया शुरू। (फोटो- जागरण)
HighLights
नेपाल बाढ़ में लापता 213 भारतीयों को मृत घोषित किया जाएगा।
नैहाटी की शर्मिष्ठा भौमिक राय का नाम भी सूची में है।
परिवार अभी भी उनके सुरक्षित लौटने की उम्मीद बनाए हुए है।
जागरण संवाददाता, नैहाटी। नेपाल में पिछले अगस्त में आई भीषण बाढ़ के बाद से लापता 213 भारतीयों को मृत घोषित करने की प्रक्रिया शुरू होने से उनके परिवारों की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है।
इस सूची में पश्चिम बंगाल के नैहाटी की रहने वाली शर्मिष्ठा भौमिक राय का नाम भी शामिल है। वह पूर्व विधायक एवं मुकुल राय के पुत्र शुभ्रांशु राय की पत्नी हैं। हालांकि, स्वजन ने अब भी उनके सुरक्षित लौटने की उम्मीद नहीं छोड़ी है।
दो दिसंबर तक मांगी जानकारी
नेपाल स्थित भारतीय दूतावास ने लापता भारतीयों की सूची जारी करते हुए संबंधित परिवारों से दो दिसंबर तक जानकारी, दस्तावेज और किसी भी तरह की आपत्ति दर्ज कराने को कहा है। इसके बाद नेपाल सरकार उपलब्ध जानकारी के आधार पर लापता लोगों को मृत घोषित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगी। मृत्य प्रमाणपत्र भी नेपाल प्रशासन की ओर से जारी किया जाएगा।

25 अगस्त को आखिरी बार हुई थी बात
जानकारी के अनुसार, शर्मिष्ठा 21 अगस्त को हावड़ा से एक ट्रैवल एजेंसी के साथ नेपाल गई थीं। वहां पहुंचने के बाद उन्होंने कई बार अपने पति शुभ्रांशु से बातचीत की थी। 25 अगस्त की रात दोनों के बीच आखिरी बार संपर्क हुआ था। अगले दिन नेपाल में अचानक आई बाढ़ के बाद उनसे संपर्क टूट गया।
नहीं मिला कोई सुराग
परिवार ने पुलिस, भवानी भवन, विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास से भी संपर्क किया, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिला। दूतावास की सूची में शर्मिष्ठा का नाम 178वें क्रम पर है। इस घटनाक्रम पर शुभ्रांशु ने कहा है कि वह भारत सरकार का रुख जानने के बाद ही अपनी प्रतिक्रिया देंगे। उन्हें अब भी विश्वास है कि शर्मिष्ठा सुरक्षित हैं और एक दिन घर लौटेंगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।