बारासात में भाजपा विधायक की अनोखी पहल, रंगदारी और अवैध वसूली के खिलाफ हाथ में माइक लेकर सड़क पर उतरे देवदास मंडल
हाबरा के भाजपा विधायक देवदास मंडल ने अवैध वसूली और रंगदारी के खिलाफ अनोखी पहल की है।

विधायक देवदास मंडल ने अवैध वसूली के खिलाफ अभियान चलाया। (फोटो-PTI)
HighLights
विधायक देवदास मंडल ने अवैध वसूली के खिलाफ अभियान चलाया।
हाबरा सुपर मार्केट में माइक लेकर लोगों को जागरूक किया।
बिना रसीद पैसे न देने और ऑनलाइन लेनदेन पर जोर।
जागरण संवाददाता, बारासात। विधायक के नाम पर वसूली और रंगदारी की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए हाबरा के भाजपा विधायक देवदास मंडल ने अनोखी पहल की है।
बुधवार को वह हाबरा सुपर मार्केट में हाथ में माइक लेकर प्रचार करते नजर आए। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों से लेकर टोटो और आटो चालकों तक को अवैध वसूली के प्रति सतर्क किया।
विधायक ने स्पष्ट कहा कि किसी भी व्यक्ति को बिना रसीद पैसे नहीं देने हैं। यूनियन के नाम पर यदि कोई रकम वसूलता है तो उसका पूरा हिसाब रखा जाना चाहिए। इसके लिए बैंक या ऑनलाइन माध्यम से लेनदेन करने और नियमित ऑडिट कराने पर भी जोर दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि कहीं पूजा के चंदे तो कहीं यूनियन के नाम पर पैसे मांगे जा रहे हैं। यहां तक कि टोटो, आटो और छोटी गाड़ियों को स्टैंड में प्रवेश दिलाने के नाम पर दो से पांच लाख रुपये तक की मांग की जा रही है। विधायक ने चेतावनी दी कि इस तरह की वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि नगरपालिका की वैध रसीद के बिना किसी को पैसे देने की जरूरत नहीं है। यदि कोई पैसे की मांग करता है तो इसकी जानकारी सीधे उन्हें दें। साथ ही उन्होंने आम लोगों से भी अवैध वसूली के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की।